सम्भल में मध्य गंगा नहर परियोजना द्वितीय चरण की चन्दौसी शाखा का सफल परीक्षण संचालन सम्पन्न वीडियो को शेयर करने की अपील
60 किलोमीटर लंबी चन्दौसी शाखा के टेल भाग से प्रहलादपुर राजवाह में पहुंचा पानी, किसानों में खुशी
यूपी के जनपद सम्भल में जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल के निर्देशन में मध्य गंगा नहर परियोजना द्वितीय चरण के अंतर्गत चन्दौसी शाखा नहर का प्रथम परीक्षण संचालन सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गया है। चन्दौसी शाखा का परीक्षण संचालन दिनांक 26 जुलाई 2026 से प्रारम्भ किया गया था, जो 17 अगस्त 2026 को सफलतापूर्वक पूर्ण हुआ।
इस संबंध में अधिशासी अभियंता, सिंचाई विभाग, राजीव कुमार ने बताया कि चन्दौसी शाखा मुख्य नहर के टेल भाग में बाएं किनारे से निकलती है तथा इसकी कुल लंबाई 60.000 किलोमीटर है। यह शाखा जनपद अमरोहा से होकर जनपद सम्भल में प्रवेश करती है तथा इसका टेल जनपद मुरादाबाद की तहसील बिलारी के ग्राम नमैनी उदइया में स्थित है।उन्होंने बताया कि परीक्षण संचालन के दौरान चन्दौसी शाखा में पानी का प्रवाह निर्धारित रूप से आगे बढ़ते हुए इसके टेल भाग तक पहुंचा। वर्तमान में चन्दौसी शाखा के टेल भाग से निकलने वाली प्रहलादपुर राजवाह में भी पानी पहुंच चुका है। इससे क्षेत्र में सिंचाई सुविधा को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।
अधिशासी अभियंता ने बताया कि चन्दौसी शाखा के प्रथम परीक्षण संचालन के सफलतापूर्वक पूर्ण होने से नहर प्रणाली की कार्यक्षमता एवं जल प्रवाह की स्थिति का परीक्षण भी सफलतापूर्वक हो गया है। इससे संबंधित क्षेत्र के कृषकों को सिंचाई के लिए जल उपलब्धता में सुविधा होगी।चन्दौसी शाखा नहर के सफल परीक्षण संचालन से क्षेत्र के कृषकों में खुशी एवं उत्साह का माहौल है। किसानों ने नहर में पानी पहुंचने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे सिंचाई सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।
जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को नहर संचालन के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बाइट जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल सम्भल