विद्यासागर इंटरनेशनल स्कूल के नवरात्रि संस्कार महोत्सव में पहुंचीं मेयर प्रवीण बत्रा जोशी, बच्चों के लिए की सुख-समृद्धि की कामना
विद्यासागर इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित नवरात्रि संस्कार महोत्सव के पांचवें दिन स्कंदमाता की पूजा-अर्चना में फरीदाबाद की मेयर प्रवीण बत्रा जोशी ने शिरकत की। इस दौरान उन्होंने स्कूल परिसर में आयोजित भव्य धार्मिक कार्यक्रम की सराहना की और माता रानी से सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मेयर ने भावपूर्ण शब्दों में कहा कि इस पंडाल में बैठे हर बच्चे की मुराद पूरी करें माता रानी और सभी बच्चों पर अपनी कृपा एवं आशीर्वाद बनाए रखें।
मेयर प्रवीण बत्रा जोशी ने कहा कि बच्चों को शिक्षा के साथ भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और नैतिक मूल्यों से जोड़ना बेहद जरूरी है। विद्यासागर इंटरनेशनल स्कूल की ओर से नवरात्रि संस्कार महोत्सव के माध्यम से बच्चों को संस्कारों से जोड़ने का प्रयास सराहनीय है। ऐसे आयोजन बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण और उन्हें अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़े रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में भाजपा फरीदाबाद महानगर के जिला अध्यक्ष सोहनपाल छौक्कर, आईएमटी इंडस्ट्री एसोसिएशन के प्रधान हेमंत शर्मा, जगन डागर, दया चंद यादव, वासुदेव अरोड़ा, इनेलो के प्रधान प्रदीप चौधरी, उद्योगपति योगराज जी और सौराज भाटी सहित शहर के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने स्कूल में शिक्षा के साथ संस्कारों को प्राथमिकता देने की पहल की सराहना की।
संस्कारों के साथ शिक्षा देना समय की जरूरत : सोहनपाल छौक्कर
भाजपा फरीदाबाद महानगर के जिला अध्यक्ष सोहनपाल छौक्कर ने कहा कि स्कूल में प्रतिदिन पूजा-अर्चना का आयोजन एक अनूठी पहल है। आज के समय में बच्चे अपने दिन का बड़ा हिस्सा स्कूल में बिताते हैं। ऐसे में उन्हें भारतीय संस्कृति, पूजा-पद्धति और नैतिक मूल्यों से परिचित कराना आवश्यक है। विद्यासागर इंटरनेशनल स्कूल इस दिशा में सराहनीय कार्य कर रहा है। इससे बच्चों में अपनी संस्कृति के प्रति सम्मान बढ़ता है और वे अपनी परंपराओं से जुड़े रहते हैं।
‘संस्कार ही शिक्षा है’ की भावना को साकार कर रहा स्कूल : हेमंत शर्मा
आईएमटी इंडस्ट्री एसोसिएशन के प्रधान हेमंत शर्मा ने कहा कि स्कूल की टैगलाइन ‘संस्कार ही शिक्षा है’ इस आयोजन के माध्यम से सार्थक होती दिखाई देती है। स्कूल प्रबंधन का उद्देश्य केवल बच्चों को किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि उन्हें संस्कारी, जिम्मेदार और अच्छे नागरिक के रूप में तैयार करना भी है। शिक्षा के साथ संस्कारों का समावेश बच्चों के भविष्य और समाज के निर्माण के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम की सफलता के लिए स्कूल के चेयरमैन धर्मपाल यादव, डायरेक्टर सुनीता यादव, प्रिंसिपल श्वेता, सीनियर समन्वयक हीना, नेहा शर्मा तथा रमा काजल सहित समस्त स्कूल प्रबंधन और स्टाफ के प्रयासों की सराहना की गई।
नवरात्रि संस्कार महोत्सव के माध्यम से विद्यासागर इंटरनेशनल स्कूल ने धार्मिक आस्था, भारतीय संस्कृति और संस्कारमय शिक्षा का सुंदर संगम प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने आयोजन की भव्यता की प्रशंसा करते हुए कहा कि बच्चों को आधुनिक शिक्षा के साथ संस्कारों से जोड़ना उनके उज्ज्वल भविष्य और बेहतर समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।