यमुनानगर में गन्ने और धान की फसल पर कुदरत की मार
गन्ने का रेट 600 रुपए प्रति क्वांटिल व धान की खरीद जल्द शुरू करने की मांग : कांग्रेस नेता श्याम सुंदर बतरा
यमुनानगर में मौसम की मार ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। तेज तूफान और बरसात के चलते जिले के दर्जनों गांवों में गन्ने व धान की फसल को नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है। खेतों में खड़ी गन्ने व धान की फसल तेज हवाओं के कारण जमीन पर बिछ गई, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान की चिंता सताने लगी है।
किसानों का कहना है कि उन्होंने महीनों की मेहनत और लागत लगाकर गन्ने व धान की फसल तैयार की थी, लेकिन मौसम के अचानक बदले मिजाज ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया। फसल खराब होने से किसानों के सामने अब उत्पादन और आमदनी दोनों को लेकर चिंता खड़ी हो गई है।
इसी बीच कांग्रेस नेता श्याम सुंदर बतरा ने यमुनानगर के दर्जनों गांवों का दौरा कर प्रभावित किसानों से मुलाकात की और खेतों में हुए नुकसान का जायजा लिया। बतरा ने कहा कि किसानों की मेहनत पर कुदरत की मार पड़ी है और सरकार को किसानों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए राहत के लिए आवश्यक कदम उठाने चाहिए।
श्याम सुंदर बतरा ने सरकार से गन्ने का रेट जल्द तय करने की मांग की। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य मिलना चाहिए और गन्ने का रेट 600 रुपये प्रति क्विंटल किया जाना चाहिए।
बतरा ने कहा कि सरकार को जल्द गन्ने का भाव घोषित कर किसानों के माथे से चिंता की लकीरें मिटानी चाहिए। मौसम की मार झेल रहे किसानों को समय पर उचित राहत और उनकी फसल का लाभकारी मूल्य मिलना जरूरी है। वही उन्होंने कहा कि धान की सरकारी खरीद भी जल्द शुरू की जाये।