हिंदू गर्ल्स कॉलेज, जगाधरी में विश्व ओजोन दिवस पर जागरूकता गतिविधियों का आयोजन
हिंदू गर्ल्स कॉलेज, जगाधरी के विज्ञान विभाग द्वारा विश्व ओजोन दिवस के अवसर पर छात्राओं में ओजोन परत के महत्व एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 50 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के अंतर्गत “Ozone – The Umbrella of Earth” विषय पर जागरूकता वार्ता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं को ओजोन परत की महत्ता, पृथ्वी पर इसके सुरक्षात्मक प्रभाव तथा इसके संरक्षण की आवश्यकता के बारे में जानकारी दी गई। इसके साथ ही छात्राओं के ज्ञानवर्धन के लिए क्विज प्रतियोगिता, पोस्टर निर्माण गतिविधि तथा ओजोन संरक्षण की शपथ (Pledge to Save Ozone) का आयोजन किया गया।
पोस्टर निर्माण के माध्यम से छात्राओं ने ओजोन परत के संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा का संदेश रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया। वहीं, शपथ के माध्यम से छात्राओं ने ओजोन परत की सुरक्षा एवं पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया।
कॉलेज की प्राचार्या श्रीमती मोनिका खुराना ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि ओजोन परत पृथ्वी पर जीवन की रक्षा करने वाली प्राकृतिक ढाल है। उन्होंने छात्राओं से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक होकर समाज में भी जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में श्रीमती वीणू गोयल का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम की संयोजिका डॉ. अंकिता ने सभी गतिविधियों का सफलतापूर्वक संचालन किया। विज्ञान विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के साथ-साथ पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना था।