मशाल मार्च से जगाई स्वच्छता की अलख, शहर को साफ रखने का दिया संदेश
मशाल की रोशनी से स्वच्छता का उजाला, शहर को सुंदर बनाने का संदेश
स्वच्छता को लेकर नगर निगम ने रेलवे रोड व मॉडल टाउन में निकाला मशाल मार्च
यमुनानगर। स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत नगर निगम यमुनानगर-जगाधरी द्वारा शहरवासियों में स्वच्छता और शहर की सुंदरता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मशाल मार्च निकाला गया। मेयर सुमन बहमनी व निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद के निर्देशों पर आयोजित यह मार्च शहीद भगत सिंह चौक से शुरू होकर रेलवे रोड, प्यारा चौक होते हुए नेहरू पार्क में संपन्न हुआ।
मशाल मार्च में मुख्य सफाई निरीक्षक गोविंद शर्मा, स्वच्छ भारत मिशन के सलाहकार लोकेश सेन, सफाई निरीक्षक सतबीर सिंह, सीटीएल सतीश कुमार, स्नेह सेवा ट्रस्ट की संस्थापक ममता सेन, नगर निगम सोशल मीडिया प्रभारी मुक्ता, स्वच्छ भारत मिशन विशेषज्ञ आकाश कुमार सहित निगम के कर्मचारी शामिल हुए। सभी ने हाथों में मशाल लेकर नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। मार्च में एमएलएन सीनियर सेकेंडरी स्कूल के छात्र-छात्राओं और आजाद हिंद फौज के कैडेट्स ने भी भाग लिया। इस दौरान स्वच्छता एवं जनभागीदारी से जुड़े संदेशों के माध्यम से लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फैलाने, कचरे का उचित निस्तारण करने और अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। मुख्य सफाई निरीक्षक गोविंद शर्मा ने बताया कि मशाल मार्च का उद्देश्य लोगों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता बढ़ाना व स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करना रहा। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए केवल सफाई कर्मचारियों के प्रयास पर्याप्त नहीं हैं। इसमें प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
फोटो कैप्शन - मशाल मार्च लेकर निकलते निगम अधिकारी व अन्य।