निर्माणाधीन सिविल लाइन रोड का मेयर व आयुक्त ने किया निरीक्षण, कार्य धीमा होने पर ठेकेदार को लगाई फटकार
1.94 करोड़ से सड़क निर्माण में सुस्ती पर भड़के मेयर आयुक्त, ठेकेदार की लगाई क्लास
जगाधरी। नगर निगम द्वारा करीब 1 करोड़ 94 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन सिविल लाइन रोड का वीरवार को मेयर सुमन बहमनी, नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद और पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवरपाल ने निरीक्षण किया। यह सड़क झंडा चौक से सिविल अस्पताल होते हुए बिलासपुर रोड तक बनाई जा रही है। निरीक्षण के दौरान मेयर व निगम आयुक्त ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता, कार्य की प्रगति और मौके पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्रवासियों ने मेयर व निगम आयुक्त को बताया कि सड़क निर्माण का कार्य धीमी गति से चल रहा है, जिससे उन्हें आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर बने गड्ढों के कारण हादसों का खतरा बना रहता है। लोगों की शिकायत पर मेयर सुमन बहमनी और आयुक्त महाबीर प्रसाद ने संबंधित ठेकेदार को फोन पर फटकार लगाते हुए निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। मेयर ने स्पष्ट किया कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य की नियमित निगरानी की जाए और निर्धारित समय सीमा के भीतर सड़क का कार्य पूरा करवाया जाए। उन्होंने कहा कि यदि तय समय में कार्य पूरा नहीं किया गया तो संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मेयर सुमन बहमनी ने कहा कि शहर का समग्र विकास और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना नगर निगम की प्राथमिकता है। जनहित से जुड़े विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करवाने के लिए निगम पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बेहतर सुविधा मिलेगी। मौके पर मार्केट कमेटी जगाधरी के चेयरमैन विपुल गर्ग, पार्षद अरुण कुमार, पार्षद विभोर पाहुजा, सीएसआई हरजीत सिंह, सीएसआई विनोद बेनीवाल आदि मौजूद रहें।
फोटो - निर्माणाधीन सिविल लाइन रोड के निरीक्षण के दौरान पार्षद अरुण कुमार से जानकारी लेती मेयर व आयुक्त।
ठेकेदार को फोन कर फटकार लगाते आयुक्त महाबीर प्रसाद व मेयर सुमन बहमनी।