✅ विद्यार्थियों को विधिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने हेतु विधिक शिविर आयोजन
✅ शिक्षा का अधिकार, बाल अधिकार, पाॅक्सो अधिनियम, साईबर सुरक्षा एवं यातायात नियमों सहित विभिन्न विषयों पर दी गई जानकारी
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार तथा माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीष/अध्यक्ष महोदय श्री अरविंद रघुवंशी के मार्गदर्शन में दिनांक 14.11.2026 से दिनांक 20.11.2026 आयोजित होने वाले ‘‘न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह के चतुर्थ दिवस दिनांक 17.11.2026 को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरदा द्वारा प्रधानमंत्री काॅलेज आफ एक्सीलेंस, हरदा एवं माॅ शारदा विद्या मंदिर स्कूल, हरदा में विद्यार्थियों को उनके विधिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर माॅ शारदा विद्या मंदिर स्कूल, हरदा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान श्री सुरेश कुमार सूर्यवंशी, जिला न्यायाधीश/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरदा द्वारा उपस्थिति विद्यार्थियों को शिक्षा का अधिकार अधिनियम, बाल अधिकार, लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पाॅक्सो एक्ट) बाल श्रम निषेध संबंधी कानूनों, साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों तथा सोशल मीडिया के जिम्मेदार एवं सुरक्षित उपयोग के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकादी प्रदान की गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा, सुरक्षा एवं सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अधिकार प्राप्त है तथा अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहना भी आवश्यक है। बच्चों को स्वतंत्र एवं सकारात्मक सोच के साथ अध्ययन करने तथा जीवन मे आने वाली कठिनाईयों एवं चुनौतियों का दृढ़तापूर्वक सामना करते हुए निरंतर आगे बढ़ने के लिए भी प्रेरित किया गया।
श्री सौरभ कुमार दुबे, जिला विधिक सहायता अधिकारी द्वारा शिविर में उपस्थित विद्यार्थियों से संवादात्मक चर्चा एवं प्रश्नोत्तर के माध्यम से विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया तथा उन्हें साइबर अपराधों, आनलाईन धोखाधडी, सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करने से होने वाले दुष्परिणामों एवं यातायात नियमों के पालन के प्रति सचेत किया गया। साथ ही किसी भी प्रकार के शोषण अथवा अनुचित व्यवहार की स्थिति में उचित माध्यम से शिकायत करने एवं सहायता प्राप्त करने के संबंध में जानकारी दी गई।
इसी क्रम में प्रधानमंत्री काॅलेज आफ एक्सीलेंस, हरदा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान श्री सुरेश कुमार सूर्यवंशी, जिला न्यायाधीश/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरदा द्वारा विद्यार्थियों को उनके मौलिक एवं विधिक अधिकारों, सुरक्षित एवं असुरक्षित व्यवहार की पहचान, निषिद्ध आचरण एवं ऐसे कृत्यों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध अधिनियम के अंतर्गत निर्धारित कानूनी प्रावधानों एवं दण्डात्मक परिणामों से अवगत कराया गया।
श्री सौरभ कुमार दुबे, जिला विधिक सहायता अधिकारी द्वारा विद्यार्थियों को निशुल्क विधिक सहायता सेवाओं की उपलब्धता से अवगत कराते हुए बताया गया कि आवश्यकता पड़ने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से विधिक सलाह एवं सहायता प्राप्त की जा सकती है। कोई भी पात्र व्यक्ति जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरदा या अन्य विधिक सेवा संस्थान में उपस्थित होकर, पत्र के माध्यम से, नालसा पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराकर, नालसा टोल फ्री हेल्पलाईन नंबर 15100 पर कॉल कर, विधिक सहायता/सलाह आसानी से प्राप्त कर सकता है। चाईल्ड हेल्पलाईन नंबर 1098, साइबर अपराध की शिकायत हेतु हेल्पलाईन नंबर 1930 की भी जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम के दौरान काॅलेज के प्राचार्य, शिक्षकगण, विद्यार्थीगण एवं विद्यालय के शिक्षकगण, छात्र/छात्राएं एवं पैरालीगल वालेंटियर्स उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देष्य विद्यार्थियों में विधिक जागरूकता विकसित करने के साथ-साथ उन्हें सुरक्षित, जिम्मेदार एवं जागरूक नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना रहा।
Jansampark Madhya Pradesh
Department of Law & Legislative Affairs, Madhya Pradesh
#Harda #हरदा