जिला समन्वय समिति एवं जिला पोषण समिति की बैठक आयोजित, आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्था एवं पोषण सूचकांकों में सुधार पर दिया गया जोर
लखीसराय। दिनांक 10 अक्टूबर 2026 को जिला पदाधिकारी, लखीसराय, श्री शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति एवं जिला पोषण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित पोषण अभियान की प्रगति, आंगनबाड़ी केंद्रों के नियमित संचालन, आधारभूत संरचना के विकास तथा बच्चों के पोषण स्तर में सुधार से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान संबंधित पदाधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में उप विकास आयुक्त श्री सुमित कुमार द्वारा सभी महिला पर्यवेक्षिकाओं को निर्देश दिया गया कि वे अन्य सरकारी भवनों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों की सूची तैयार कर उपलब्ध कराएं। इसका उद्देश्य ऐसे केंद्रों के लिए स्वतंत्र आंगनबाड़ी भवन निर्माण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करना है। इस क्रम में VB-G RAM G योजना के अंतर्गत भवन निर्माण की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए संबंधित केंद्रों की सूची एवं आवश्यक विवरण संकलित कर उपलब्ध कराने पर बल दिया गया, ताकि आंगनबाड़ी केंद्रों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
बैठक के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों के नियमित संचालन एवं उनके निर्धारित समय पर खुलने की स्थिति को शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। संबंधित पदाधिकारियों एवं महिला पर्यवेक्षिकाओं को केंद्रों का नियमित निरीक्षण एवं निगरानी करने तथा लाभार्थियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप सेवाएं उपलब्ध कराने को कहा गया।
पोषण संबंधी समीक्षा के दौरान बच्चों में गंभीर तीव्र कुपोषण (SAM), मध्यम तीव्र कुपोषण (MAM), मोटापा (Obesity) एवं कम वजन (Underweight) जैसे प्रमुख पोषण सूचकांकों पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया। इन सूचकांकों के आधार पर जिले की स्थिति एवं राज्य स्तर पर रैंकिंग की नियमित समीक्षा करने तथा कमजोर प्रदर्शन वाले क्षेत्रों में आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने पर जोर दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने कुपोषित बच्चों की समय पर पहचान, उन्हें आवश्यक पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा पोषण संबंधी गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया। उन्होंने संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर योजनाओं का लाभ लक्षित लाभार्थियों तक पहुंचाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
बैठक में निदेशक DRDA श्री नीरज कुमार, जिला जन संपर्क पदाधिकारी श्री रवि कुमार, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी,ICDS श्री धीरज कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन, लखीसराय
24 views | Lakhisarai, Bihar | Oct 10, 2026