*जिला परिषद डीडवाना-कुचामन चुनाव परिणाम घोषित*
*लॉटरी के माध्यम से भाजपा के बुधराम गरवा जिला प्रमुख निर्वाचित*
*उप जिला प्रमुख पद का निर्वाचन 26 नवंबर को जिला कलक्टर कार्यालय में होगा*
डीडवाना-कुचामन। पंचायतीराज आम चुनाव, 2026 के अंतर्गत जिला परिषद डीडवाना-कुचामन के जिला प्रमुख पद का चुनाव परिणाम घोषित कर दिया गया है। जिला प्रमुख पद पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रत्याशी बुधाराम गरवा लॉटरी के माध्यम से निर्वाचित घोषित किए गए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी अवधेश मीना ने बताया कि कुल 35 निर्वाचित सदस्यों (मतदाताओं) में से सभी 35 ने मतदान किया। चुनाव में कोई भी मत खारिज नहीं हुआ और न ही नोटा (NOTA) का प्रयोग किया गया, जिससे सभी 35 मत वैध रहे।
उन्होंने बताया कि भाजपा के बुधाराम गरवा को 14 वैध मत प्राप्त हुए,कांग्रेस की पूनम गोयल को 14 वैध मत प्राप्त हुए,वहीं राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के शिवपाल को 7 वैध मत प्राप्त हुए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि दोनों प्रत्याशियों (बुधाराम गरवा और पूनम गोयल) को बराबर (14-14) मत प्राप्त होने के कारण जीत का अंतर शून्य रहा। इसके पश्चात नियमानुसार निकाली गई लॉटरी में भाजपा के बुधाराम गरवा विजयी घोषित किए गए। इसके पश्चात जिला निर्वाचन अधिकारी ने उनको विधिवत रूप से पद की शपथ दिलाई।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिला परिषद् के उप जिला प्रमुख पद का निर्वाचन गुरुवार, 26 नवंबर को जिला कलक्टर कार्यालय, डीडवाना में आयोजित होगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रातः 10 बजे बैठक प्रारंभ होगी। प्रातः 11 बजे तक नामांकन-पत्र प्रस्तुत किए जा सकेंगे। प्रातः 11 बजे से 11:30 बजे तक नामांकन-पत्रों की संवीक्षा तथा प्रातः 11:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक अभ्यर्थिता वापस लेने की प्रक्रिया संपन्न होगी। इसके बाद आवश्यक होने पर निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदान करवाया जाएगा। मतदान के तुरंत बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किया जाएगा।
Didwana, Nagaur | Nov 25, 2026