शुद्ध और सही साहित्य ही संस्कार का है आधार : नेत्रपाल तंवर भिवानी
महाराणा भामाशाह सोनी सीनियर सिटीजन चेरिटेबल ट्रस्ट में पुस्तक वो बेवफा का विमोचन
भिवानी, 21 जून : महाराणा भामाशाह सोनी सीनियर सिटीजन चेरिटेबल ट्रस्ट में अखिल भारतीय साहित्य परिषद भिवानी द्वारा आयोजित मासिक काव्य गोष्ठी एवं पुस्तक विमोचन समारोह का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन डॉ. एस.एस. शीलवंत द्वारा किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डा. मनोज भारत ने की तथा मंच संचालन डा. एस.एस. शीलवंत ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना के साथ हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय सम्मान ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा ट्रस्ट राष्ट्रीय संगठन मंत्री नेत्रपाल तंवर भिवानी रहे। मुख्य अतिथि नेत्रपाल तंवर द्वारा डा. एस.एस. शीलवंत द्वारा रचित पुस्तक वो बेवफा का विधिवत विमोचन किया गया। अपने संबोधन में नेत्रपाल तंवर ने कहा कि साहित्य ही संस्कारों का आधार है। समाज और राष्ट्र के निर्माण में साहित्य की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। वर्तमान समय में देश को शुद्ध, सकारात्मक एवं मूल्यपरक साहित्य की अत्यंत आवश्यकता है, जिससे नई पीढ़ी को सही दिशा और संस्कार प्राप्त हो सकें। कार्यक्रम में अनेक प्रतिष्ठित साहित्यकारों, कवियों एवं समाजसेवियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई तथा काव्य पाठ के माध्यम से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। प्रमुख रूप से डा. मनोज भारत, डा. महेंद्र सिंह सागर, डा. विकास यशकीर्ति, ज्ञानेन्द्र सिंह तेवतिया, बिजेन्द्र परिहार, विनोद कुमार, कपिल शर्मा भारतीय, मधुसूदन शर्मा, भंवर पाल तंवर, फिल्म निर्देशक रोहित कौशिक तथा समाजसेवी रामनिवास सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, साहित्यकारों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।