रोहतक की निपुण वाटिका ने जीता प्रतिष्ठित स्कॉच अवार्ड-2026, प्रारंभिक शिक्षा के क्षेत्र में जिले के नवाचार को मिली राष्ट्रीय पहचान
- 19 दिसंबर को नई दिल्ली में 11 वें स्कोच सम्मिट के दौरान किया जाएगा सम्मानित
रोहतक, 25 नवंबर। प्रारंभिक शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और सरकारी विद्यालयों में शिक्षण की गुणवत्ता को नई दिशा देने वाली रोहतक जिले की अभिनव पहल ‘निपुण वाटिका’ ने प्रतिष्ठित स्कोच अवार्ड-2026 जीतकर राष्ट्रीय स्तर पर जिले का गौरव बढ़ाया है।
इस मॉडल की परिकल्पना अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार द्वारा की गई थी। इसका मुख्य उद्देश्य पारंपरिक शिक्षण पद्धति के साथ गतिविधि आधारित एवं अनुभवात्मक शिक्षा को बढ़ावा देना है, ताकि बच्चे खेल-खेल में भाषा और गणित की बुनियादी दक्षताएं हासिल कर सकें। उन्होंने बताया कि इस अवधारणा को धरातल पर उतारने के लिए विद्यालयों में विशेष शिक्षण केंद्र विकसित किए गए हैं। इनमें बच्चों के लिए विभिन्न प्रकार की शिक्षण सामग्री, इंटरैक्टिव टूल्स और गतिविधि आधारित शिक्षण संसाधन उपलब्ध करवाए गए हैं। इन केंद्रों की स्थापना के लिए कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व के माध्यम से संसाधन जुटाए गए तथा शिक्षा विभाग एवं संबंधित विद्यालयों के समन्वय से इस पहल को सफलतापूर्वक लागू किया गया। इस मॉडल के माध्यम से बच्चों में रटने की प्रवृत्ति के स्थान पर अवधारणात्मक समझ, जिज्ञासा, रचनात्मकता और तार्किक सोच विकसित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
नरेंद्र कुमार ने कहा कि निपुण वाटिका की उपयोगिता और प्रभावशीलता को प्रदेश के वरिष्ठ गणमान्य व्यक्तियों द्वारा भी सराहा गया है। हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने अक्टूबर 2025 में रोहतक स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति प्राथमिक विद्यालय में निपुण वाटिका का दौरा कर इसकी गतिविधियों एवं शिक्षण व्यवस्था का अवलोकन किया था। इसके पश्चात मई 2026 में शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय, खरावड़ में विकसित निपुण वाटिका का उद्घाटन किया और बच्चों के लिए तैयार की गई इस अभिनव एवं बाल-केंद्रित शिक्षण व्यवस्था की सराहना की।
अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने बताया कि निपुण वाटिका की सफलता को देखते हुए हरियाणा सरकार ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के दौरान प्रदेश के प्रत्येक जिला में मॉडल बालवाटिका स्थापित करने के लिए रोहतक में विकसित इस मॉडल को रेफरेंस मॉडल के रूप में अपनाया है। अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार के प्रयासों से इस मॉडल को प्रदेश के अन्य जिलों तक पहुंचाने के लिए रोहतक में एक्सपोजर विजिट भी आयोजित की गईं। इन विजिट के माध्यम से अन्य जिलों के शिक्षा अधिकारियों को निपुण वाटिका की संरचना, शिक्षण सामग्री और कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई, ताकि वे भी अपने जिलों में इसी तर्ज पर मॉडल बालवाटिकाएं विकसित कर सकें।
नरेंद्र कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 तथा निपुण भारत मिशन के उद्देश्यों के अनुरूप विकसित निपुण वाटिका का मूल उद्देश्य प्रारंभिक शिक्षा को आनंददायक, अनुभवात्मक और बाल-केंद्रित बनाना है। इस व्यवस्था में बच्चों को अवलोकन, खोज, संवाद और व्यावहारिक गतिविधियों के माध्यम से सीखने के अवसर प्रदान किए जाते हैं, जिससे उनकी बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक दक्षताओं को मजबूत किया जा सके। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय शिक्षा विभाग, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों तथा सीएसआर के तहत सहयोग देने वाले संस्थानों के सामूहिक प्रयासों को देते हुए कहा कि सभी के समन्वय और समर्पण से यह पहल एक प्रभावी एवं अनुकरणीय शिक्षण मॉडल के रूप में स्थापित हुई है।
अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने कहा कि प्रतिष्ठित स्कॉच अवार्ड-2026 मिलना इस बात का प्रमाण है कि स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर शुरू किए गए नवाचार व्यापक स्तर पर सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं। रोहतक में परिकल्पित इस पहल का प्रदेश के सभी जिलों के लिए रेफरेंस मॉडल बनना और अब राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान हासिल करना जिले की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उल्लेखनीय है कि 11वें स्कोच सम्मिट का आयोजन 19 दिसंबर 2026 को नई दिल्ली में किया जाएगा। इस वर्ष सम्मेलन की थीम ग्रोथ, प्रोस्पेरिटी एंड रेजिलेंस रखी गई है। इसी अवसर पर रोहतक की निपुण वाटिका पहल को प्रतिष्ठित स्कॉच अवार्ड-2026 से सम्मानित किया जाएगा।
बॉक्स :-
उपलब्धि जिला के लिए गर्व का विषय:-
उपायुक्त सतबीर सिंह ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह रोहतक जिले के लिए गर्व का विषय है। रोहतक में विकसित यह अभिनव मॉडल आज हरियाणा के सभी जिलों के लिए प्रेरणास्रोत बन चुका है। इस पहल ने पुरस्कार की मूल्यांकन प्रक्रिया के सभी चरण सफलतापूर्वक पूरे कर लिए हैं। सतबीर सिंह ने कहा कि ‘निपुण वाटिका’ सरकारी विद्यालयों में प्रारंभिक कक्षाओं के बच्चों को बेहतर, रोचक एवं बाल-अनुकूल शिक्षण वातावरण उपलब्ध करवाने की दिशा में एक सराहनीय पहल है।
फोटो: 08 से 12
0 0 00 0 0 0 0
Uklana, Hissar | Nov 25, 2026