पितृपक्ष से पहले मेला क्षेत्र की सफाई पर पैनी नजर, दो पार्षदों ने लिया जायजा; कर्मियों से पूछा हाल
गया। पितृपक्ष मेला 2026 को लेकर गया नगर निगम की तैयारियां तेज हो गई हैं। बुधवार को नगर निगम के वार्ड नंबर 10 के पार्षद गोपाल प्रसाद और वार्ड नंबर 11 के पार्षद कुंदन पासवान ने एक साथ पितृपक्ष मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया। दोनों पार्षदों ने सफाई, प्रकाश व्यवस्था समेत श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान दोनों पार्षदों ने मेला क्षेत्र में तैनात सफाई कर्मियों से मुलाकात की और सफाई व्यवस्था को लेकर उनका फीडबैक लिया। उन्होंने कर्मियों को निर्देश दिया कि मेला क्षेत्र में नियमित रूप से बेहतर साफ-सफाई की जाए और कहीं भी कचरा जमा नहीं होने दिया जाए। श्रद्धालुओं की आवाजाही वाले स्थानों पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
वार्ड पार्षद कुंदन पासवान ने कहा कि पितृपक्ष मेला गया के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। देश-विदेश से श्रद्धालु यहां पिंडदान और तर्पण के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में मेला क्षेत्र को स्वच्छ और व्यवस्थित रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए नगर निगम की ओर से लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी की जा रही है।
वहीं वार्ड नंबर 10 के पार्षद गोपाल प्रसाद ने कहा कि सफाई कर्मियों को पूरी जिम्मेदारी के साथ काम करने का निर्देश दिया गया है। मेला शुरू होने से पहले सभी प्रमुख स्थलों की सफाई व्यवस्था को और बेहतर किया जा रहा है।
दोनों पार्षदों ने कहा कि पितृपक्ष के दौरान बड़ी संख्या में तीर्थयात्रियों के गया पहुंचने की संभावना है। इसलिए सफाई और रोशनी की व्यवस्था को लेकर लगातार निरीक्षण जारी रहेगा। उन्होंने सफाई कर्मियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि मेला क्षेत्र को स्वच्छ रखने में उनकी भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
#गयाजी
#गया_हो
#bihar
#GayaPolice
#NagarNigamGaya