18 ट्रक पकड़े, 22 लाख रुपये के जुर्माने की नोटिस
चित्रकूट। शासन की मंशानुरूप जिलाधिकारी पुलकित गर्ग के निर्देशानुसार अवैध खनन और खनिज के अवैध परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए शनिवार को प्रशासन, पुलिस, खनिज और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने जिले में सघन चेकिंग अभियान चलाया। अलग-अलग मार्गों पर हुई जांच में ओवरलोड और बिना वैध प्रपत्रों के संचालित किए जा रहे 18 ट्रक पकड़े गए। इन वाहनों पर करीब 22 लाख रुपये राजस्व वसूली की नोटिस जारी की गई है। कार्रवाई से ट्रक संचालकों में खलबली मची रही।
संयुक्त टीम ने जिले के विभिन्न मार्गों पर वाहनों की जांच की। इस दौरान कई ट्रकों में निर्धारित मानक से अधिक खनिज लदा मिला। वहीं, कुछ वाहन चालक खनिज परिवहन से संबंधित वैध प्रपत्र प्रस्तुत नहीं कर सके। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर टीम ने वाहनों को कब्जे में लेकर संबंधित थानों में खड़ा कराया।
जांच के दौरान पकड़े गए 18 वाहनों में से 13 ट्रकों को पहाड़ी थाना परिसर में खड़ा कराया गया है। इसके अलावा एक-एक ट्रक राजापुर और भरतकूप थाना परिसर में खड़ा कराया गया। तीन वाहनों के खिलाफ ऑनलाइन चालान की कार्रवाई की गई। अधिकारियों के अनुसार सभी मामलों में खनिज और परिवहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
खनिज विभाग के इंस्पेक्टर विवेक कुमार ने बताया कि अभियान के दौरान कई ट्रक मानक से अधिक खनिज लादे मिले। कुछ वाहनों के पास खनिज परिवहन से संबंधित आवश्यक वैध प्रपत्र भी नहीं थे। ऐसे वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए राजस्व वसूली की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
- संयुक्त टीम में ये अधिकारी रहे शामिल
अभियान में सदर एसडीएम अजय कुमार यादव, सीओ राजापुर यामीन अहमद , पीटीओ दीप्ति त्रिपाठी समेत परिवहन और खनिज विभाग के अधिकारी शामिल रहे। अधिकारियों ने बताया कि अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।