जिलाधिकारी ने गोस्वामी तुलसीदास राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय का किया निरीक्षण
नाली की समस्या का समाधान कराने तथा महाविद्यालय परिसर में साफ-सफाई एवं व्यवस्थाएं बेहतर करने के दिए निर्देश
जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने गोस्वामी तुलसीदास राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बेड़ी पुलिया का स्थलीय निरीक्षण कर शैक्षणिक एवं मूलभूत व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य राजेश कुमार पाल ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर निर्मित नाला महाविद्यालय परिसर के पास समाप्त हो जाता है, जिसके कारण वर्षा के दौरान पानी परिसर में भर जाता है। इससे महाविद्यालय की बाउंड्रीवाल के क्षतिग्रस्त होने एवं गिरने की समस्या बनी रहती है। साथ ही ग्राम पंचायत की ओर से आने वाली छोटी नाली के कारण भी जल निकासी की समस्या उत्पन्न होती है।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिला पंचायत के माध्यम से स्थल का निरीक्षण कराकर जल निकासी की समस्या के स्थायी समाधान हेतु आवश्यक कार्य का आकलन कर एस्टीमेट तैयार कराया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि छोटी नाली को बड़ी नाली से जोड़कर समुचित जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि महाविद्यालय की बाउंड्रीवाल को क्षति से बचाया जा सके।
जिलाधिकारी ने महाविद्यालय परिसर के पार्कों एवं अन्य स्थानों पर साफ-सफाई की व्यवस्था बेहतर कराने के निर्देश प्राचार्य को दिए। फर्श पर जमी गंदगी एवं काई के संबंध में उन्होंने ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कर परिसर की समुचित साफ-सफाई एवं स्वच्छता सुनिश्चित कराने को कहा।
इसके पश्चात जिलाधिकारी ने बीएससी प्रथम वर्ष की कक्षा में पहुंचकर छात्र-छात्राओं से संवाद किया तथा उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी नियमित रूप से अध्ययन करें और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहें, सफलता अवश्य प्राप्त होगी। जिलाधिकारी ने छात्राओं से महाविद्यालय में आने वाली समस्याओं की जानकारी ली। छात्राओं द्वारा लाइब्रेरी से संबंधित समस्याएं बताई गईं, जिस पर जिलाधिकारी ने उनके शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया।
जिलाधिकारी ने छात्र-छात्राओं को पढ़ाई के साथ योग एवं खेलकूद गतिविधियों में भी प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के लिए योग और खेलकूद आवश्यक हैं।
तत्पश्चात जिलाधिकारी ने प्रथम वर्ष गणित की कक्षा का निरीक्षण कर छात्र-छात्राओं से शैक्षणिक गतिविधियों एवं पढ़ाई के संबंध में जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने कंप्यूटर कक्ष एवं पुस्तकालय का निरीक्षण किया। उन्होंने पुस्तकालय की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यार्थियों के अध्ययन के लिए पर्याप्त संख्या में बेंच, कुर्सी एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी श्रीमती महिमा चौधरी, महाविद्यालय के प्राचार्य राजेश कुमार पाल, अधिशासी अधिकारी लालजीत यादव सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।