करणी सिंह स्टेडियम गूंजा “करें योग, रहें निरोग” के उद्घोष से, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की मौजूदगी में हजारों ने किया सामूहिक योग
बीकानेर, 21 जून अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर बीकानेर का करणी सिंह स्टेडियम योगमय हो गया। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के मुख्य आतिथ्य में आयोजित सामूहिक योगाभ्यास में हजारों नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विद्यार्थियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
“करें योग, रहें निरोग” के उद्घोष से गूंजे स्टेडियम में केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने योगाभ्यास का नेतृत्व किया। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली और भारतीय संस्कृति की पहचान है। नियमित योग से तन और मन दोनों स्वस्थ रहते हैं। पहली बार बीकानेर में किसी केंद्रीय मंत्री की मौजूदगी में इतने बड़े स्तर पर योग दिवस मनाया गया, जिससे शहरवासियों में खासा उत्साह देखा गया।