सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग ने किया राजा शंकर शाह रघुनाथ शाह सीनियर बालक छात्रावास का आकस्मिक निरीक्षण
बड़वानी 18 अगस्त 2026/सहायक आयुक्त, जनजाति कार्य विभाग श्री रंजना सिंह द्वारा राजा शंकर शाह रघुनाथ शाह सीनियर बालक छात्रावास, बड़वानी का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्रावास परिसर का जायजा लिया तथा छात्रों से संवाद कर उपलब्ध सुविधाओं का फीडबैक प्राप्त किया।
सहायक आयुक्त ने छात्रावास में बच्चों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता को स्वयं परखा। बातचीत के दौरान छात्रों ने छात्रावास की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। निरीक्षण के दौरान सहायक आयुक्त ने छात्रों से संवाद स्थापित कर उनकी शैक्षणिक प्रगति की जानकारी ली एवं उनका करियर मार्गदर्शन किया। छात्रों एवं छात्रावास अधीक्षक द्वारा पेयजल समस्या के संबंध में अवगत कराया गया। अधीक्षक ने बताया कि नगरपालिका में 2 इंच नल कनेक्शन हेतु आवेदन दिया गया है। जिसके तहत पोर्टल पर राशि का डिमाण्ड भी जनरेट किया गया है। जांच में डिमांड की स्वीकृति पाई गई। सहायक आयुक्त ने निर्देश दिए कि खाते में राशि प्राप्त होते ही तत्काल प्रक्रिया पूर्ण कर नगरपालिका से जल कनेक्शन प्राप्त किया जाए ताकि छात्रों को सुचारू पेयजल मिल सके।