नव स्थापित डिग्री कॉलेजों में आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण हेतु जिलाधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण...
मधेपुरा जिले में नव स्थापित डिग्री कॉलेजों में गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण एवं शैक्षणिक व्यवस्थाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी श्री अभिषेक रंजन द्वारा आज दिनांक 03 जून 2026 को शंकरपुर, घैलाढ़ एवं कुमारखंड प्रखंडों में चिन्हित महाविद्यालयों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, मधेपुरा भी उनके साथ उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने महाविद्यालयों में उपलब्ध कक्षाओं, पेयजल व्यवस्था, शौचालय, विद्युत आपूर्ति एवं विद्युतीकरण की स्थिति सहित अन्य आवश्यक संसाधनों का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी आवश्यक सुविधाएं समयबद्ध ढंग से उपलब्ध कराने तथा पाई गई कमियों को शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के समय जिला शिक्षा पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता (पीएचईडी), विद्युत विभाग के पदाधिकारी, भूमि अर्जन पदाधिकारी तथा संबंधित प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
जिला पदाधिकारी ने नव स्थापित महाविद्यालयों के सतत अनुश्रवण एवं व्यवस्थाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (योजना), निदेशक (नेप), डीसीएलआर सदर एवं अनुमंडल पदाधिकारी सदर को अधिकृत किया है। उन्होंने कहा कि जिले के नव स्थापित महाविद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण एवं आवश्यक आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
जिला प्रशासन द्वारा उच्च शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण संसाधनों के विकास एवं विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को अपने क्षेत्र में ही उच्च शिक्षा का बेहतर अवसर प्राप्त हो सके।