प्रेस विज्ञप्ति
जिला जनसंपर्क कार्यालय, मधेपुरा
दिनांक : 03 जून 2026
: *मॉडल स्कूलों की गुणवत्ता एवं संसाधनों की जिलाधिकारी ने की समीक्षा*
: *आधारभूत संरचना, भूमि एवं शैक्षणिक व्यवस्थाओं के सत्यापन का दिया निर्देश*
मधेपुरा, 03 जून 2026।
जिला पदाधिकारी श्री अभिषेक रंजन की अध्यक्षता में आज न्यू एनआईसी सभागार, मधेपुरा में जिले के मॉडल स्कूलों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी, डीपीओ (एसएसए) तथा जिले के सभी मॉडल स्कूलों के प्रधानाध्यापक उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने विभाग द्वारा निर्धारित मानकों एवं पैरामीटर के अनुरूप विद्यालयों में उपलब्ध संसाधनों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने संबंधित प्रखंडों के वरीय प्रभारी पदाधिकारियों को विद्यालयों में उपलब्ध संसाधनों एवं सुविधाओं का भौतिक सत्यापन कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
विद्यालयों की आधारभूत संरचना की समीक्षा के क्रम में जिलाधिकारी ने सभी प्रधानाध्यापकों को अपने-अपने विद्यालयों की वास्तविक स्थिति, उपलब्ध सुविधाओं तथा आवश्यकताओं से प्रशासन को अवगत कराने का निर्देश दिया, ताकि आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में आलमनगर एवं घैलाढ़ मॉडल स्कूलों की अतिक्रमित भूमि से संबंधित मामलों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित प्रधानाध्यापकों एवं अधिकारियों को भूमि संबंधी सभी आवश्यक अभिलेख एवं कागजात शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, जिससे अतिक्रमण से संबंधित मामलों का प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि मॉडल स्कूलों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर आधारभूत संरचना तथा आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं विद्यालय प्रबंधन को समन्वित एवं उत्तरदायित्वपूर्ण ढंग से कार्य करने की आवश्यकता है।
बैठक में विद्यालयों के समग्र विकास, संसाधनों की उपलब्धता तथा शैक्षणिक वातावरण को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
#Newskosisanchar11 #deshhitsamachar11 #madhapurapolice #bihar #BiharPolice