धनतेरस पर रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाया रामगढ़: पहली बार मुख्य बाजार से सरकारी दफ्तरों तक हुई आकर्षक सजावट, चारों प्रमुख चौराहों पर भी विशेष लाइटिंग
दीपावली के पावन पर्व को लेकर रामगढ़ कस्बे में शुक्रवार को इस बार उत्सव का खास माहौल देखने को मिल रहा है। धनतेरस के अवसर पर नगर पालिका की ओर से पहली बार कस्बे के मुख्य बाजार, प्रमुख चौराहों, सरकारी कार्यालयों और तहसील रंगमंच को रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक सजावट से सजाया गया है। शाम होते ही लाइटों की जगमगाहट से पूरा कस्बा रोशनी में नहाया नजर आ रहा है। नगर पालिका की इस पहल की कस्बेवासियों और बाजार में आने वाले लोगों के बीच चर्चा हो रही है।
नगर पालिका का गठन होने और हाल ही में हुए पहले पालिका चुनाव के बाद चेयरमैन प्रेम सिंह के नेतृत्व में यह पहला दीपावली का त्योहार है। इसे खास बनाने के लिए कस्बे के प्रमुख स्थानों पर विशेष सजावट करवाई गई है। मुख्य बाजार में पहली बार रंग-बिरंगी लाइटें लगाई गई हैं। वहीं सरकारी कार्यालयों और तहसील रंगमंच को भी आकर्षक रोशनी से सजाया गया है।
एसडीएम कार्यालय के बाहर स्थित अशोक स्तंभ चौराहे पर विशेष लाइटिंग और डेकोरेशन की गई है। इसके अलावा गोविंदगढ़ मोड़ स्थित भारत के नक्शे वाले चौराहे को भी आकर्षक रोशनी से सजाया गया है। कस्बे के चारों प्रमुख चौराहों पर की गई विशेष सजावट लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
Alwar, Alwar | Nov 7, 2026