मऊगंज में ग्राम पंचायतों की एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला संपन्न
------------------
ग्राम पंचायतें राजस्व स्रोत विकसित कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनें - श्रीमती देशमुख
------------------
मऊगंज में गत दिवस ग्राम पंचायतों की एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का शुभारंभ करते हुए जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती सृष्टि देशमुख गौड़ा ने कहा कि सभी ग्राम पंचायतें अपने राजस्व स्रोत विकसित करके आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनें। ग्राम पंचायतों को कर लगाने और वसूल करने के पूरे अधिकार हैं। आमजनता की सहमति से ग्राम सभा के माध्यम से करारोपण करें। सभी ग्राम पंचायतें परिसम्पत्तियों का व्यवस्थित रिकॉर्ड रखें। वर्तमान समय में सभी कार्य ऑनलाइन किए जा रहे हैं। ग्राम पंचायतें दृष्टि पोर्टल के माध्यम से आडिट एवं कैशबुक की ऑनलाइन प्रविष्टि करें। निर्धारित समय सीमा में सभी जानकारियाँ पोर्टल पर दर्ज करा दें, जिससे शासन के निर्देशों के अनुरूप ग्राम पंचायतों में वित्तीय प्रबंधन में पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व सुनिश्चित हो सके।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने कहा कि सभी ग्राम पंचायतें ग्राम पंचायत विकास योजना तैयार करें। इसके लिए निर्धारित 9 बिन्दुओं पर कार्ययोजना बनाएं। पंचायतों की स्थानीय आवश्यकताओं तथा उपलब्ध संसाधनों के अनुरूप कार्ययोजना होनी चाहिए। मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने कार्यशाला में कर संग्रहण, ऑनलाइन भुगतान प्रणाली तथा वीबी जीरामजी योजना के संबंध में बिन्दुवार जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जल निगम तथा पीएचई विभाग के अधिकारी पूर्ण नलजल योजनाओं को समारोह पूर्वक ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित करें। ग्राम पंचायतें नलजल योजनाओं का ठीक से संचालन और संधारण करें। नलजल योजना से जुड़े तकनीकी कार्यों में पीएचई के अधिकारी ग्राम पंचायतों को सहयोग करें। नियमित पानी की आपूर्ति के बाद जल कर की राशि प्राप्त करने के लिए भी विशेष प्रयास करें। जिन ग्राम पंचायत भवनों में बिजली के कनेक्शन नहीं हैं उनकी सूची जनपद के सीईओ दो दिवस में प्रस्तुत करें। ग्राम पंचायतों में कनेक्शन के साथ बिजली का मीटर अनिवार्य रूप से लगाकर बिजली की खपत के अनुसार बिल का भुगतान करें।
कार्यशाला में महात्मा गांधी राज्य ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज संस्थान जबलपुर के प्रशिक्षक त्रिलोचन सिंह ने ग्रामीण विकास विभाग योजनाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। कार्यशाला में जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, सरपंच, ग्राम पंचायत सचिव तथा रोजगार सहायक उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh
Panchayat, Rural Development and Social Welfare Department of Madhya Pradesh
#mauganj
7 views | Rewa, Madhya Pradesh | Oct 29, 2026