महुलान में गोवर्धन पूजा पर उमड़ा आस्था का सैलाब : विशाल दुगोला ने बांधा समां, तुलसी यादव बोले - अत्याचार सहना भी सबसे बड़ा दुष्कर्म है
औरंगाबाद जिला के मदनपुर प्रखंड के ग्राम पंचायत सलैया के महुलान गांव में इस बार श्री गोवर्धन पूजा समारोह ऐतिहासिक बन गया। पूजा, भक्ति और लोक संस्कृति का ऐसा संगम देखने को मिला कि पूरा गांव भक्तिमय हो उठा।
समारोह स्थल के मुख्य द्वार पर भव्य तोरण द्वार बनाया गया था। उस पर लिखा था श्री गोवर्धन पूजा समारोह, विशाल दुगोला का भव्य आयोजन। रात में रोशनी से जगमगाता यह गेट दूर से ही लोगों को अपनी ओर खींच रहा था।
जैसे ही विशाल दुगोला शुरू हुआ, पूरा पंडाल तालियों और जयकारों से गूंज उठा। दुगोला देखने के लिए महुलान के साथ-साथ आसपास के दर्जनों गांवों से हजारों की संख्या में लोग पहुंचे थे। बुजुर्ग, युवा और बच्चे सभी देर रात तक जमे रहे।
महुलान में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए तुलसी यादव ने सबसे पहले आयोजक मंडल को बधाई दी। उन्होंने कहा कि अपने लिए तो हर कोई जीता है, लेकिन समाज के लिए जीने वाले लोग बहुत कम होते हैं। जो लोग समाज को साथ लेकर चलते हैं, वही सच्चे कृष्ण भक्त हैं।
तुलसी यादव ने कहा भगवान श्रीकृष्ण का चरित्र जुर्म के खिलाफ लड़ाई का चरित्र था। अपने मामा कंस ने भी जब जुर्म किया तो उन्होंने उनको भी नहीं छोड़ा। फुफेरे भाई शिशुपाल को भी सुदर्शन चक्र से साफ किया। द्रौपदी को भरी सभा में अपमानित करने वाले दुर्योधन जैसे लोगों को भी महाभारत में जवाब देने का काम किया। अत्याचार सहकर बैठ जाना यह बड़ा दुष्कर्म है। घर में भी अगर अत्याचारी हो, तो उसको भी जवाब देना चाहिए। अत्याचार को मिटाना चाहिए। यही कृष्ण का आचरण था, यही क्रांति थी। उन्होंने कहा कि गीता का सार वैज्ञानिक दृष्टिकोण से भी सबसे अच्छा है। भगवान कृष्ण ने धर्म की नहीं, कर्म की बात कही। इंसान जैसा कर्म करेगा, वैसा फल पाएगा। खेती करते हैं तो मन से करें, पढ़ाई करते हैं तो मन से पढ़ें। मन से पढ़ेगा तो BPSC या UPSC होगा। आज गरीब के बेटे भी आगे बढ़ रहे हैं। मेरे घर में भी 26 साल के भतीजे ने BPSC क्वॉलिफाई किया है। वो किसान का बेटा है। इसलिए उनके रास्ते पर चलेंगे तो हमें कर्मवीर बनना होगा।
तुलसी यादव ने कहा कि आज नेट का जमाना है, लोग घर बैठे मोबाइल पर सब देख लेते हैं। लेकिन सभा में ऐसा ज्ञान मिलता है जो स्कूल में भी नहीं मिलता। दुनिया में कोई भी इंसान परिपूर्ण नहीं है। इसलिए ये सभा सीखने-सिखाने की सभा है।अंत में उन्होंने कहा कि जैसे कृष्ण ने गोवर्धन पर्वत उठाकर ग्वाल-बाल और तमाम जीव-जंतुओं को इंद्र के अत्याचार से बचाया था, ठीक उसी तरह इस तरह के आयोजन से समाज में सच्चे कृष्ण भक्तों की बढ़ोतरी हो, ताकि समाज और राष्ट्र की सेवा और आगे बढ़े।समारोह के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, कलाकारों और सहयोगियों के प्रति आभार जताया।