बोलेरो और ट्रक की जोरदार भिड़ंत, पांच लोगों की मौके पर मौत; एक घायल
छतरपुर। मातगवां थाना क्षेत्र में ईडी फे स्कूल के पास शनिवार को बोलेरो और ट्रक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बोलेरो सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल छतरपुर भेजा गया है। हादसे की सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी आदित्य पटेल, एसडीओपी, थाना प्रभारी सहित पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में मृतक और घायल बिजावर के रैकवार समाज से बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि सभी लोग बिजावर से बगौता में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जा रहे थे।
पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। मृतकों की पहचान और हादसे के कारणों की आधिकारिक जानकारी पुलिस की जांच के बाद स्पष्ट हो सकेगी।