सिकंदरपुर क्षेत्र के दादर आश्रम स्थित श्री बजरंग स्नातकोत्तर महाविद्यालय में चार सूत्रीय मांगों को लेकर पिछले तीन दिनों से आमरण अनशन कर रहे छात्र-छात्राओं का आंदोलन शनिवार को जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह के हस्तक्षेप के बाद समाप्त हो गया। महाविद्यालय पहुंचे जिलाधिकारी ने अनशनरत विद्यार्थियों से बातचीत की और उनकी मांगों पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन देते हुए अनशन समाप्त कराया।
इस दौरान जिलाधिकारी ने महाविद्यालय परिसर का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने परिसर स्थित तालाब के सुंदरीकरण, महाविद्यालय के चारों ओर बाउंड्रीवाल निर्माण तथा महिला एवं पुरुष शौचालयों पर स्पष्ट रूप से नाम लिखवाने के निर्देश दिए।
गौरतलब है कि छात्र-छात्राएं खेल मैदान की साफ-सफाई, महिला शौचालय का निर्माण और महिला सफाई कर्मचारी की तैनाती सहित चार सूत्रीय मांगों को लेकर आमरण अनशन पर बैठे थे। विद्यार्थियों का कहना था कि महाविद्यालय में बुनियादी सुविधाओं की कमी के चलते उन्हें रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों के आंदोलन पर अफसोस जताते हुए उनकी समस्याओं का समाधान कराने का भरोसा दिया। उन्होंने महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि यहां के शिक्षक, प्रोफेसर और कर्मचारियों ने संस्थान के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
इस मौके पर जिलाधिकारी ने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए श्री बजरंग स्नातकोत्तर महाविद्यालय को गोद लेने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय को एक सुंदर, सुव्यवस्थित और बेहतर शैक्षणिक केंद्र के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जाएगा। यहां बुनियादी सुविधाओं की कमी को चरणबद्ध तरीके से दूर कराया जाएगा।
#DMGyanendraSingh #dadaraashram #CollegeNews #Balliakhabar #Sikandarpur