भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने को समन्वय समिति की बैठक
सीमा पर तस्करी और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोकथाम, दोनों देशों की सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल पर जोर
किशनगंज। भारत-नेपाल सीमा पर विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने तथा सीमा क्षेत्र में होने वाली अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से बुधवार, 20 अगस्त 2026 को ठाकुरगंज स्थित 19वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल के परिसर में भारत-नेपाल सीमा जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में भारत-नेपाल सीमा पर अवैध गतिविधियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई, मादक पदार्थों एवं अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं की तस्करी पर रोक लगाने, गैरकानूनी गतिविधियों पर नियंत्रण तथा सुरक्षा एवं खुफिया एजेंसियों के बीच सूचनाओं के नियमित आदान-प्रदान सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
सीमा क्षेत्र में आर्थिक अपराधों की रोकथाम, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सीमा पार होने वाले अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने को लेकर भी आवश्यक रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी तथा किसी भी आपात स्थिति में दोनों देशों की संबंधित एजेंसियों के बीच त्वरित और प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक का उद्देश्य भारत-नेपाल सीमा पर दोनों देशों की सुरक्षा एवं कानून प्रवर्तन एजेंसियों के बीच आपसी समन्वय को और मजबूत करना तथा सीमा क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था का प्रभावी संधारण सुनिश्चित करना रहा।
बैठक में जिला पदाधिकारी नवीन कुमार, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार, झापा के प्रमुख जिला अधिकारी शिवराम गेलल, मोरंग के प्रमुख जिला अधिकारी युवराज कटेल, नेपाल पुलिस के पुलिस अधीक्षक, सशस्त्र पुलिस बल के पदाधिकारी तथा दोनों देशों के अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।