*नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 : जिले में द्वितीय चरण में प्रातः 10 बजे तक 24.94 प्रतिशत मतदान*
*नगर पालिका वजीरपुर में सर्वाधिक 36.91 प्रतिशत, बामनवास में 30.74 प्रतिशत तथा गंगापुर सिटी नगर परिषद में 22.69 प्रतिशत मतदान दर्ज*
*जिला निर्वाचन अधिकारी निरंतर कर रहे मतदान केंद्रों का निरीक्षण*
*सवाई माधोपुर, 11 सितंबर।* नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के द्वितीय चरण के तहत जिले के नगर परिषद गंगापुर सिटी, नगर पालिका बामनवास एवं नगर पालिका वजीरपुर के लिए शुक्रवार को प्रातः 7 बजे से मतदान शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित रूप से जारी है। मतदाता उत्साहपूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने प्रातः काल से निरंतर नगर पालिका बामनवास क्षेत्र के संवेदनशील व अति संवेदनशील बूथों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इसके पश्चात गंगापुर सिटी में मतदान केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया का जायजा लेते हुए मतदाताओं से संवाद कर व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक लिया।
जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने बताया कि प्रातः 10 बजे तक जिले के तीनों नगरीय निकायों में कुल 27,846 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जो कुल 1,11,660 पंजीकृत मतदाताओं का 24.94 प्रतिशत है।
*वजीरपुर में सर्वाधिक 36.91 प्रतिशत मतदान*
नगरीय निकायवार मतदान प्रतिशत के अनुसार नगर पालिका वजीरपुर में प्रातः 10 बजे तक सर्वाधिक 36.91 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। यहां कुल 11,345 मतदाताओं में से 4,188 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
इसी प्रकार नगर पालिका बामनवास में 30.74 प्रतिशत मतदान हुआ। यहां कुल 11,086 पंजीकृत मतदाताओं में से 3,408 मतदाताओं ने प्रातः 10 बजे तक मतदान किया।
नगर परिषद गंगापुर सिटी में 22.69 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। यहां कुल 89,229 मतदाताओं में से 20,250 मतदाताओं ने प्रातः 10 बजे तक अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
*मतदान केन्द्रों पर शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित मतदान जारी*
तीनों नगरीय निकायों में मतदान निर्धारित समयानुसार प्रातः 7 बजे से प्रारंभ हुआ। मतदान केन्द्रों पर निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। मतदान प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के लिए मतदान कार्मिकों एवं सुरक्षा व्यवस्था में लगे अधिकारियों-कर्मचारियों द्वारा पूरी मुस्तैदी से दायित्वों का निर्वहन किया जा रहा है।
जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से मतदाताओं से अपील की गई है कि जो पात्र मतदाता अभी तक मतदान नहीं कर पाए हैं, वे अपने निर्धारित मतदान केन्द्र पर पहुंचकर बिना किसी भय, दबाव अथवा प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग करें और लोकतंत्र के इस महापर्व में सक्रिय भागीदारी निभाएं।