अवैध शराब के खिलाफ एक साथ दबिश, 7 आरोपी और 2 महिलाएं गिरफ्तार
26.84 लीटर शराब जब्त, कोतवाली पुलिस ने पांच प्रकरण दर्ज किए
देवास। अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत कोतवाली पुलिस ने अंबेडकर नगर, लक्ष्मी नगर, होमगार्ड लाइन, राधागंज और मल्हार कॉलोनी में एक साथ दबिश देकर पांच प्रकरण दर्ज किए। कार्रवाई में 7 पुरुष और 2 महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से कुल 26.84 लीटर अवैध शराब जब्त की गई। इसमें 20 लीटर कच्ची हाथ भट्टी महुआ शराब और 6.84 लीटर देशी प्लेन शराब शामिल है। इसके अलावा 4,370 रुपए भी जब्त किए गए।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) और 42 के तहत प्रकरण दर्ज किए हैं। पुलिस के मुताबिक कुछ आरोपियों के खिलाफ पहले से भी आबकारी अधिनियम, जुआ एक्ट सहित अन्य मामले दर्ज हैं।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह वर्धमान, नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल और कोतवाली थाना प्रभारी शशिकांत चौरसिया के नेतृत्व में की गई।