एमजी रोड एक साल से खुदा, व्यापारियों का कारोबार प्रभावित
नवरात्रि और त्योहारी सीजन से पहले सड़क निर्माण जल्द पूरा कराने की मांग, निगमायुक्त को सौंपा ज्ञापन
देवास। शहर के प्रमुख मार्ग एमजी रोड पर करीब एक साल से चल रहे सड़क निर्माण कार्य के कारण व्यापारियों और आमजन की परेशानी बढ़ती जा रही है। नॉवेल्टी चौराहे से तहसील चौराहे तक कई स्थानों पर सड़क अब भी खुदी पड़ी है। बड़े-बड़े गड्ढों, धूल और मिट्टी के कारण आवागमन प्रभावित होने के साथ क्षेत्र के व्यापारियों का कारोबार भी प्रभावित हो रहा है।
समस्या को लेकर क्षेत्र के व्यापारी बुधवार को नगर निगम पहुंचे और निगमायुक्त दलीप कुमार को ज्ञापन सौंपकर सड़क निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने की मांग की। व्यापारियों ने बताया कि मुख्य बाजार होने के कारण इस मार्ग पर दिनभर बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है, लेकिन लंबे समय से सड़क की स्थिति खराब होने के कारण ग्राहक दुकानों तक पहुंचने से बच रहे हैं। इससे व्यापार में लगातार कमी आ रही है और दुकानदारों के लिए किराया सहित अन्य खर्च निकालना भी मुश्किल हो रहा है।
व्यापारियों ने ज्ञापन में कहा कि नवरात्रि के साथ ही त्योहारी और शादी-विवाह का सीजन शुरू होने वाला है। ऐसे समय में बाजार में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ती है, लेकिन सड़क की मौजूदा स्थिति व्यापार के लिए बड़ी बाधा बनी हुई है। उन्होंने मांग की कि सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए जरूरत पड़ने पर रात्रिकालीन समय में भी काम कराया जाए, ताकि मार्ग को जल्द से जल्द व्यवस्थित किया जा सके।
व्यापारियों का कहना है कि एमजी रोड शहर का प्रमुखतम मार्ग है। ऐसे महत्वपूर्ण मार्ग का लंबे समय तक निर्माणाधीन रहना केवल व्यापारियों ही नहीं, बल्कि रोजाना यहां से गुजरने वाले हजारों लोगों के लिए भी परेशानी का कारण बन रहा है। उन्होंने निगम प्रशासन से निर्माण की समयसीमा तय कर काम पूरा कराने और तब तक आवागमन के लिए बेहतर वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की।
#देवास #एमजीरोड #नगरनिगमदेवास #व्यापारी #सड़कनिर्माण