महिलाओं में उद्यमिता और व्यवसाय का गुण ईश्वर का वरदान : श्रीमती लाला बाई चंद्रवंशी
तीन दिवसीय जिला स्तरीय ‘आजीविका राखी मेला-2026’ का हुआ शुभारंभ
‘आत्मनिर्भर भारत’ एवं ‘लोकल फॉर वोकल’ की भावना को साकार करने की दिशा में स्व-सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा निर्मित स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला स्तरीय ‘आजीविका राखी मेला-2026’ का शुभारंभ शुक्रवार को सज्जन प्रभा हॉल, होटल अजंता पैलेस रतलाम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लाला बाई चंद्रवंशी ने फीता काटकर किया। तीन दिवसीय मेला 21 से 23 अगस्त 2026 तक आयोजित किया जा रहा है।
शुभारंभ समारोह में जिला पंचायत सदस्य श्री नाथूलाल गामड़ एवं सांसद प्रतिनिधि श्री शंभूलाल चंद्रवंशी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लाला बाई चंद्रवंशी ने स्व-सहायता समूहों की महिला उद्यमियों से संवाद करते हुए कहा कि “महिलाओं में उद्यमिता और व्यवसाय करने का गुण ईश्वर का वरदान है।” उन्होंने कहा कि महिलाएं अपनी प्रतिभा, मेहनत और कौशल के माध्यम से न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत कर रही हैं, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति दे रही हैं।
उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे आजीविका राखी मेले में पहुंचकर स्व-सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए स्थानीय उत्पादों की खरीदारी करें तथा महिला उद्यमियों का उत्साहवर्धन करें।
हस्तनिर्मित राखियां, चूड़ियां, मसाले और ग्रामीण उत्पाद बने आकर्षण का केंद्र
मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन जिला पंचायत रतलाम द्वारा गठित स्व-सहायता समूहों की महिलाओं के उत्पादों के प्रदर्शन एवं विक्रय के लिए आयोजित इस मेले में जिले के विभिन्न समूहों द्वारा तैयार किए गए स्वदेशी एवं गुणवत्तापूर्ण उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं।
मेले में महिलाओं द्वारा तैयार की गई हस्तनिर्मित राखियां, रेशम एवं लाख की चूड़ियां, झूमर तथा भगवान की सुंदर पोशाकें विशेष आकर्षण का केंद्र हैं। इसके अलावा ब्लॉक प्रिंटिंग की चादरें, फैंसी झाड़ू, सुगंधित धूपबत्ती एवं रुई की अगरबत्ती सहित विभिन्न घरेलू एवं सजावटी उत्पाद भी उपलब्ध हैं।
खाद्य उत्पादों में स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए शुद्ध मसाले, दालें, अचार, चिप्स, नमकीन तथा ज्वार, बाजरा एवं मक्का का आटा भी उपभोक्ताओं के लिए उपलब्ध कराया गया है।
स्थानीय उत्पादों को बाजार मिलने से बढ़ेगी महिलाओं की आय
अतिथियों ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से ग्रामीण महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों के लिए बड़ा बाजार मिलता है। उत्पादों की बिक्री बढ़ने से महिलाओं की आय में वृद्धि होगी और वे आर्थिक रूप से अधिक आत्मनिर्भर बनेंगी। इससे परिवारों के जीवन स्तर में सुधार के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं उद्यमिता को भी बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम के अंत में जिला परियोजना प्रबंधक (डीपीएम) श्री योगेश तिवारी ने मुख्य अतिथि, विशेष अतिथियों, आजीविका मिशन के कार्यकर्ताओं, स्व-सहायता समूहों की महिलाओं एवं मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।
#JanSampark #ratlam
28 views | Ratlam, Madhya Pradesh | Aug 21, 2026