जावरा में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्यवाही, 100 किलो मावा जब्त
महावीर मावा भंडार से दो तथा राजस्थान स्वीट्स एंड नमकीन से कलाकंद एवं सेव नमकीन के नमूने लिए
खाद्य एवं औषधि प्रशासन रतलाम द्वारा खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम के लिए जावरा में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्योति बघेल ने बताया कि महावीर मावा भंडार, खाचरौद नाका जावरा का निरीक्षण किया गया। मौके पर मावा में मिलावट की शंका के आधार पर मावा के दो नमूने जांच हेतु लिए गए तथा 100 किलोग्राम मावा, जिसकी अनुमानित कीमत 26 हजार रुपए है, जप्त किया गया।
इसी प्रकार राजस्थान स्वीट्स एंड नमकीन, कोठी बाजार जावरा से प्रोपराइटर श्री भवानी सिंह पिता गोवर्धन सिंह राजपुरोहित से कलाकंद एवं सेव नमकीन के नमूने मानक स्तर की जांच हेतु लिए गए। प्रतिष्ठान संचालक को खाद्य लाइसेंस प्रमुखता से प्रदर्शित करने तथा प्रतिष्ठान में साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
दोनों प्रतिष्ठानों से लिए गए कुल चार खाद्य नमूने जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
#JanSampark #ratlam