मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक सम्पन्न
हरदोई। स्वामी विवेकानंद सभागार में बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी नेहा व्याडवाल की अध्यक्षता में बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और शैक्षिक कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, नामांकन, निःशुल्क पाठ्य-पुस्तक एवं यूनिफॉर्म वितरण, डीबीटी, कायाकल्प योजना, विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं, शिक्षकों की उपस्थिति तथा निपुण भारत मिशन समेत अन्य विभागीय योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप बेसिक शिक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। विद्यालयों में बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के साथ शिक्षण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग कर छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
बैठक में विद्यालयों में पेयजल, शौचालय, विद्युत, फर्नीचर सहित अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की स्थिति की भी समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने लंबित कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप विद्यालयों में छात्र-छात्राओं का नामांकन सुनिश्चित कराने को भी कहा।
बैठक में परियोजना निदेशक डीआरडीए अशोक कुमार मौर्य, बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रभात मिश्रा सहित बेसिक शिक्षा विभाग के संबंधित अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।