बड़गांव के ट्रेजर टाउन में 10 फीट लंबे अजगर से मचा हड़कंप
कार के बोनट में घुसा अजगर, रेस्क्यूअर राजेंद्र श्रीमाली ने दो घंटे की मशक्कत के बाद किया सुरक्षित रेस्क्यू
उदयपुर। बड़गांव स्थित ट्रेजर टाउन कॉलोनी में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब कॉलोनी की सड़क पर करीब 10 फीट लंबा अजगर दिखाई दिया। अजगर को देखकर कॉलोनी के कुत्ते लगातार भौंकने लगे। कुत्तों के भौंकने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर आए तो सड़क पर विशालकाय अजगर देखकर हैरान रह गए।
ट्रेजर टाउन के अध्यक्ष संजीव पटवा ने बताया कि अजगर दिखाई देने की सूचना मिलने पर कॉलोनीवासियों ने तत्काल रेस्क्यूअर राजेंद्र श्रीमाली को फोन कर मौके पर बुलाया। इस दौरान अजगर को देखने के लिए बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी मौके पर जमा हो गए। लोगों ने अजगर को जंगल की ओर जाने से रोकने का प्रयास किया। इसी बीच अजगर पास खड़ी एक कार के बोनट में जा घुसा।
कार के बोनट में अजगर के घुस जाने से रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण हो गया। मौके पर पहुंचे रेस्क्यूअर राजेंद्र श्रीमाली ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद अजगर को कार के बोनट से सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद अजगर को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर जंगल में छोड़ दिया गया। पूरी घटना के दौरान किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
अध्यक्ष संजीव पटवा ने रेस्क्यूअर राजेंद्र श्रीमाली का जताया आभार
ट्रेजर टाउन के अध्यक्ष संजीव पटवा ने कहा कि कॉलोनीवासियों की सतर्कता और रेस्क्यूअर राजेंद्र श्रीमाली के समय पर मौके पर पहुंचने से अजगर का सुरक्षित रेस्क्यू संभव हो सका। उन्होंने राजेंद्र श्रीमाली के प्रयासों की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कॉलोनीवासियों से अपील की कि भविष्य में इस प्रकार का कोई वन्यजीव दिखाई देने पर उसके पास न जाएं और न ही उसे छेड़ने का प्रयास करें। ऐसी स्थिति में तत्काल प्रशिक्षित रेस्क्यूअर या वन विभाग को सूचना दें।