दुर्गा पूजा मेला, रावण वध कार्यक्रम एवं विसर्जन शोभा यात्रा को भक्तिपूर्ण माहौल में शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर एवं पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने बीती देर रात बड़ी दुर्गा, चंडिका स्थान सहित विभिन्न प्रमुख स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पूजा स्थलों एवं आसपास के क्षेत्रों में भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा विधि-व्यवस्था संधारण से संबंधित तैयारियों का जायजा लिया। मौके पर नगर आयुक्त पार्थ गुप्ता, सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार अभिषेक, सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अभिषेक आनंद, यातायात डीएसपी प्रभात रंजन सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि पूजा एवं मेले के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुदृढ़ रखी जाएं। प्रमुख पूजा स्थलों विशेष कर बड़ी दुर्गा, बड़ी काली, छोटी दुर्गा, छोटी काली, चंडिका स्थान एवं अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त सुरक्षा बलों की तैनाती, सुचारु यातायात व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं के सुरक्षित आवागमन को प्राथमिकता दी जाए। साथ ही, संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने एवं किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। प्रशासन द्वारा साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, आवागमन मार्गों की सुगमता तथा भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता पर भी बल दिया गया, ताकि श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना एवं मेला भ्रमण के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने बड़ी दुर्गा परिसर में श्रद्धालुओं के प्रवेश एवं निकास पॉइंट पर विशेष निगरानी रखने तथा श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों को इसमें सहयोग की अपील की।
जिला प्रशासन की श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों से अपील है कि वे दुर्गा पूजा एवं विसर्जन के दौरान निर्धारित मार्गों एवं प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करें, यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासन एवं पुलिस पूरी तरह सजग एवं प्रतिबद्ध हैं।
#BiharGovernment
#CMSamrat
#samratchoudhary
#samratforbihar
Munger, Bihar | Oct 13, 2026