शेखपुरा जिले में महापर्व छठ का संध्या अर्घ्य श्रद्धा एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। रतोइया, अरघौती, पुल पोखर, बरबीघा के मालती पोखर एवं अरियरी के कोरियारी नदी घाट सहित विभिन्न छठ घाटों पर बड़ी संख्या में व्रतियों एवं श्रद्धालुओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। पारंपरिक सूप एवं दउरा में पूजन सामग्री सजाकर पहुंचे व्रतियों ने छठी मैया से परिवार की सुख-समृद्धि एवं आरोग्य की कामना की। छठ गीतों से घाटों पर भक्तिमय वातावरण बना रहा।
संध्या अर्घ्य के अवसर पर जिलाधिकारी श्री शेखर आनंद एवं पुलिस अधीक्षक श्री हिमांशु ने अरघौती एवं पुल पोखर छठ घाटों का भ्रमण कर सुरक्षा, विधि-व्यवस्था एवं भीड़ प्रबंधन का जायजा लिया तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। भ्रमण के दौरान उप विकास आयुक्त श्री राकेश कुमार, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी श्री धर्मेंद्र कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सुश्री प्रियंका कुमारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डॉ राकेश कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
महापर्व के दौरान सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु प्रमुख घाटों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी तथा विभिन्न स्थलों पर पुलिस बल, दंडाधिकारियों एवं अग्निशमन दल की प्रतिनियुक्ति की गई है। शहर में सुचारु यातायात के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है तथा निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है।
सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को अपने निर्धारित स्थलों पर उपस्थित रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करने एवं जियो-टैग्ड फोटोग्राफ साझा करने का निर्देश दिया गया है। जिला नियंत्रण कक्ष द्वारा प्रतिनियुक्त कर्मियों की उपस्थिति एवं व्यवस्थाओं की सतत निगरानी की जा रही है। सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, नगर कार्यपालक पदाधिकारी, थानाध्यक्ष, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी एवं विद्युत विभाग को हाई अलर्ट पर रखते हुए आपातकालीन तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। नगर परिषद एवं विभिन्न पूजा समितियों के लाउडस्पीकरों के माध्यम से कर्णप्रिय छठ गीतों के प्रसारण के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा संबंधी आवश्यक उद्घोषणाएं भी की जाती रहीं।
जिलाधिकारी श्री शेखर आनंद ने जिलेवासियों को छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि _छठ पर्व प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, स्वच्छता, संयम एवं समर्पण का प्रतीक है। इस पर्व की विशेषता है कि इसमें उदीयमान सूर्य के साथ-साथ अस्ताचलगामी सूर्य को भी समान श्रद्धा एवं सम्मान के साथ अर्घ्य अर्पित किया जाता है। उन्होंने कामना की कि भगवान सूर्य एवं छठी मैया की कृपा से जिलेवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली आए तथा जिले में प्रेम, सौहार्द एवं भाईचारा सुदृढ़ हो।_
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
District Administration Sheikhpura
CMO Bihar
#samratchoudhary
#JaiChhathiMaiya
#BiharKaGarv_छठमहापर्व