#बालाघाट
खैरलांजी महाविद्यालय में गूंजा संदेश—"नशे से दूरी है जरूरी", एनएसएस स्वयंसेवकों ने ली नशामुक्ति की शपथ
मध्यप्रदेश शासन के "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" अभियान के तहत वीरांगना रानी अवंती बाई शासकीय महाविद्यालय, खैरलांजी में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई एवं रेड रिबन क्लब के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को एक दिवसीय नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य श्री नीरज सिंह ठाकुर की अध्यक्षता एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी श्री रोहित कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन में माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
अपने संबोधन में प्राचार्य श्री नीरज सिंह ठाकुर ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि उसके पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि "नशा, नाश का द्वार है। यदि युवाओं को सशक्त बनना है तो उन्हें हर प्रकार के व्यसन से दूरी बनानी होगी।"
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों को नशामुक्ति की सामूहिक शपथ दिलाई गई। सभी ने जीवन में कभी भी किसी प्रकार का नशा नहीं करने तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज के लोगों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने "नशे से दूरी है जरूरी" विषय पर आकर्षक पोस्टर एवं नारा लेखन प्रतियोगिता में भाग लेकर नशामुक्त समाज का संदेश दिया। वहीं लघु भाषणों एवं कविताओं के माध्यम से भी विद्यार्थियों ने नशे के विरुद्ध प्रभावी जनजागरूकता का संदेश प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में श्री अमर सिंह गोंड, श्री वीरेंद्र कुमार पटले, श्रीमती शालिनी मेश्राम, डॉ. प्रतिभा राजपूत, डॉ. अशोक कुमार टेंभुरने, डॉ. विवेक खरगाल, श्री विक्रांत रंधावा, सुश्री पल्लवी ठोकर, सुश्री शिखा डहरवाल, श्री वैभव लांजेवार एवं श्री सुनील देवारे सहित महाविद्यालय के समस्त शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक स्टाफ, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन कार्यक्रम अधिकारी श्री रोहित कुमार पाण्डेय ने किया, जबकि डॉ. प्रतिभा राजपूत ने आभार व्यक्त किया। महाविद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रखने और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
#CMMadhyaPradesh #MPPoliceDeptt #JansamparkMP #NasheSeDooriHaiZaroori #SayNoToDrugs #DrugFreeIndia #highereducation
4 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Jul 15, 2026