#बालाघाट
आईएफएमआईएस प्रणाली की तकनीकी समस्याओं के निराकरण को लेकर अधिकारियों की बैठक आयोजित
संचालनालय, कोष एवं लेखा के निर्देशानुसार आईएफएमआईएस (IFMIS) सॉफ्टवेयर से संबंधित तकनीकी समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए बुधवार 15 जुलाई को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिले के सभी आहरण एवं संवितरण अधिकारियों (डीडीओ) की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर कलेक्टर श्री डी.पी. बर्मन ने की।
बैठक में डिप्टी कलेक्टर श्री प्रदीप कौरव, जिला कोषालय अधिकारी श्री दीपक राणा, सहायक कोषालय अधिकारी श्री मस्करे, सुश्री पटेल सहित विभिन्न विभागों के आहरण एवं संवितरण अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला कोषालय अधिकारी श्री दीपक राणा ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आईएफएमआईएस प्रणाली के माध्यम से तैयार किए जाने वाले सभी देयकों को अपने समक्ष तैयार कराएं तथा उनका सत्यापन भी ओटीपी (OTP) के माध्यम से स्वयं की उपस्थिति में सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि इससे पारदर्शिता बढ़ेगी और किसी भी प्रकार की तकनीकी या वित्तीय त्रुटि से बचा जा सकेगा।
उन्होंने विशेष रूप से निर्माण विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे योजनाओं एवं निर्माण कार्यों में दोहरे भुगतान (डबल पेमेंट) की संभावना को पूरी तरह समाप्त करें। यदि किसी योजना या कार्य में दोहरा भुगतान पाया जाता है तो संबंधित आहरण एवं संवितरण अधिकारी को इसके लिए जिम्मेदार माना जाएगा।
बैठक में आईएफएमआईएस प्रणाली से जुड़े लंबित प्रकरणों, तकनीकी समस्याओं एवं उनके त्वरित समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को प्रणाली के बेहतर संचालन और वित्तीय प्रक्रियाओं में पारदर्शिता बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
इस अवसर पर जिला कोषालय अधिकारी श्री दीपक राणा ने बताया कि 16 एवं 17 जुलाई 2026 को जिला कोषालय, बालाघाट में विशेष "आईएफएमआईएस केयर्स कैंप (IFMIS Cares Camp)" का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने सभी आहरण एवं संवितरण अधिकारियों को इस शिविर में अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर आईएफएमआईएस से संबंधित तकनीकी समस्याओं का समाधान कराने के निर्देश दिए।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #gaddeptmp
8 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Jul 15, 2026