#बालाघाट
डायरिया रोको अभियान: कटंगी एवं परसवाड़ा के गांवों में पेयजल की जांच, स्वच्छता अपनाने का दिया संदेश
बालाघाट जिले में जलजनित बीमारियों की रोकथाम एवं ग्रामीणों को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग द्वारा 'डायरिया रोको अभियान' के तहत लगातार जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। बुधवार, 15 जुलाई को कटंगी एवं परसवाड़ा विकासखंड के ग्राम सेलवा, दुधारा, खजरी एवं बड़गांव में विभागीय टीम ने पेयजल स्रोतों की गुणवत्ता की जांच कर ग्रामीणों को स्वच्छता एवं सुरक्षित पेयजल के प्रति जागरूक किया।
कार्यपालन यंत्री श्री बी.एल. उइके के निर्देशन में विभाग की सहयोगी संस्था नई रोशनी के फील्ड समन्वयकों ने संबंधित गांवों का भ्रमण कर मैदानी स्तर पर विभिन्न गतिविधियों का संचालन किया। इस दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, स्कूल शिक्षकों, स्कूली छात्र-छात्राओं एवं ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता रही।
एफटीके किट से जांची गई पेयजल की गुणवत्ता
अभियान के दौरान टीम ने फील्ड टेस्ट किट (एफटीके) के माध्यम से विभिन्न पेयजल स्रोतों के पानी की रासायनिक गुणवत्ता की जांच की। साथ ही ग्रामीणों को एफटीके किट के उपयोग की विधि भी समझाई गई, ताकि वे स्वयं समय-समय पर पानी की गुणवत्ता की जांच कर दूषित पानी के सेवन से बच सकें।
हैंडवॉश के छह चरणों का कराया अभ्यास
स्वच्छता को स्वास्थ्य की पहली सीढ़ी बताते हुए फील्ड समन्वयकों ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को हाथ धोने की सही तकनीक का प्रदर्शन किया। उन्होंने हैंडवॉश के छह महत्वपूर्ण चरणों की जानकारी देते हुए बताया कि भोजन बनाने से पहले, भोजन करने से पहले और शौच के बाद साबुन से अच्छी तरह हाथ धोना डायरिया जैसी बीमारियों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।
स्वच्छ पेयजल और साफ-सफाई पर दिया जोर
अभियान के दौरान ग्रामीणों से हमेशा स्वच्छ एवं ढका हुआ पानी पीने, जल स्रोतों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने तथा गंदगी दिखाई देने पर तत्काल सफाई करने की अपील की गई। विभागीय टीम ने बताया कि सजगता, स्वच्छता और शुद्ध पेयजल ही डायरिया जैसी जलजनित बीमारियों की रोकथाम का सबसे कारगर उपाय है।
पीएचई विभाग ने बताया कि जिले में डायरिया रोको अभियान के तहत इस प्रकार की जनजागरूकता एवं जल गुणवत्ता जांच की गतिविधियां लगातार जारी रहेंगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके और जलजनित बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #minphemp #healthminmp
7 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Jul 15, 2026