शाहबाद में किसानों पर लाठीचार्ज की किसान सभा ने की निंदा, धान की सुचारू खरीद और सरल रजिस्ट्रेशन की उठाई मांग
धान, बाजरा, मूंगफली और नरमा की सरकारी खरीद बिना किसी अड़चन के तुरंत शुरू करे सरकार : बलबीर सिंह
फतेहाबाद। (राष्ट्रीय कदम) ब्यूरो:
शाहबाद में धान की सरकारी खरीद शुरू करने की मांग कर रहे किसानों पर हुए लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले छोड़े जाने की अखिल भारतीय किसान सभा की जिला कमेटी फतेहाबाद ने कड़े शब्दों में निंदा की है। बुधवार को शहीद उधम सिंह भवन में किसान सभा की जिला कमेटी की बैठक जिला प्रधान विष्णुदत्त की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक का संचालन सचिव मास्टर राजेंद्र बाटू ने किया, जबकि इसमें किसान सभा के राज्य अध्यक्ष मास्टर बलबीर सिंह और जिला उपप्रधान जगतार सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में किसानों की वर्तमान ज्वलंत समस्याओं पर गंभीर मंथन किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए राज्य अध्यक्ष मास्टर बलबीर सिंह ने कहा कि धान, बाजरा, मूंगफली और नरमा की सरकारी खरीद बिना किसी अड़चन के तुरंत शुरू की जानी चाहिए। इसके साथ ही धान खरीद के लिए पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया को बेहद सरल और निरंतर जारी रखा जाए। उन्होंने मांग की कि सरकार पराली प्रबंधन के लिए आवश्यक मशीनों का उचित प्रबंध करे, आगामी फसलों की बिजाई के लिए खाद का समय पर वितरण सुनिश्चित करे और प्राकृतिक आपदा से बर्बाद हुई फसलों का बकाया मुआवजा बिना किसी देरी के जारी करे। मास्टर बलबीर सिंह ने कहा कि अपनी जायज मांगों को लेकर आवाज उठा रहे किसानों पर शाहबाद में लाठीचार्ज करना और आंसू गैस के गोले छोडऩा सरकार का एक आपराधिक कृत्य है। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए अब सभी किसान संगठनों को एकजुट होना पड़ेगा और यही समय की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने मांग की कि सरकार हठधर्मिता छोडक़र तुरंत प्रभाव से फसलों की खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से शुरू करे।
बैठक में किसानों के केंद्रीय मुद्दों जैसे भारत-अमेरिका ट्रेड डील को रद्द करने, बिजली संशोधन विधेयक व स्मार्ट मीटर योजना को वापस लेने, किसानों व मजदूरों को कर्ज मुक्त करने, बीमा कंपनियों की मनमानी पर अंकुश लगाने और लंबित मुआवजा जारी करने की मांगों को लेकर आंदोलन की रणनीति बनाई गई। इसके तहत आगामी 3 अक्टूबर को लखीमपुर खीरी हत्याकांड की बरसी से गांव-गांव विशेष जागरूकता अभियान चलाने और ग्रामीण पंचायतों का आयोजन करने का आह्वान किया गया। इसके उपरांत जिला व तहसील स्तर पर किसान बचाओ सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। किसान सभा ने निर्णय लिया कि 27 सितंबर को अमर शहीद भगत सिंह की जयंती और 29 सितंबर को कामरेड पृथ्वी सिंह गोरखपुरिया की पुण्यतिथि हर तहसील स्तर पर मनाई जाएगी। बैठक में मुख्य रूप से मुंशीराम नाढ़ोड़ी, हनुमान सिंह ढ़ाबी कलां, सुभाष भादू जांडवाला बागड़, पतराम ढ़ाणी ईशर, धर्मपाल कुम्हारिया, योगेंद्र सिंह भूथन, केवल सिंह रत्ता थेह, हमीद खां समैन तथा छत्रपाल सिंह नथवान सहित अनेक सदस्य मौजूद रहे।