तेरापंथ युवक परिषद द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन, युवाओं में दिखा खासा उत्साह; 25 यूनिट रक्त एकत्रित
फतेहाबाद। (राष्ट्रीय कदम) ब्यूरो:
अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद द्वारा चलाए जा रहे देशव्यापी ‘मेगा ब्लड डोनेशन ड्राइव’ के तहत बुधवार को नहर कॉलोनी, गली नंबर 4 स्थित तेरापंथ भवन में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। तेरापंथ युवक परिषद एवं जिला रेडक्रॉस सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में शहर के युवाओं ने बढ़-चढक़र हिस्सा लिया और मानव सेवा का अनूठा संदेश दिया। शिविर के दौरान फतेहाबाद ब्लड बैंक की विशेष मेडिकल टीम ने अपनी सेवाएं देते हुए रक्त संग्रह का कार्य सुचारू रूप से संपन्न कराया। दिनभर चले इस शिविर में कुल 25 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया, जो आपातकालीन स्थिति में जरूरतमंद मरीजों के काम आएगा।
शिविर के दौरान पहुंचे मुख्य अतिथियों एवं समाजसेवियों ने रक्तदाताओं का हौसला बढ़ाया। जिला रेडक्रॉस सोसायटी से फार्मासिस्ट सुनील भाटिया और समाजसेवी संजय जैन ने युवाओं को प्रेरित करते हुए रक्तदान का महत्व समझाया। उन्होंने कहा, रक्तदान केवल एक प्रक्रिया नहीं, बल्कि किसी अनजान व्यक्ति को नया जीवन देने का एक पवित्र माध्यम है। हमारे द्वारा दान की गई रक्त की एक-एक बूंद किसी रोती हुई आंख के आंसू पोंछ सकती है और किसी परिवार की खुशियां लौटा सकती है। रक्तदान से शरीर में कोई कमजोरी नहीं आती, बल्कि नया रक्त बनने से स्वास्थ्य और बेहतर होता है। हर स्वस्थ नागरिक को नियमित रूप से रक्तदान का संकल्प लेना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में तेरापंथ युवक परिषद के अध्यक्ष लोकेश जैन एवं सचिव मुदित जैन ने आए हुए सभी अतिथियों, डॉक्टरों की टीम और निस्वार्थ भाव से रक्तदान करने वाले युवाओं का आभार व्यक्त किया। परिषद की ओर से सभी रक्तदाताओं को स्मृति चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर संजय जैन, राजेश जैन काका, सुरेन्द्र गर्ग, राजेश जैन, लोकेश जैन, तेरापंथ सभा के प्रधान राजेश कुमार, मंत्री भारतभूषण, कोषाध्यक्ष राजेश जैन तथा उपाध्यक्ष सुरेन्द्र जैन मुख्य रूप से मौजूद रहे।