22 वार्डों में चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान, बेहतर प्रदर्शन पर मिलेंगे 50 लाख- सुमन बहमनी
मेयर हाउस में मेयर व भाजपा जिला अध्यक्ष ने पार्षदों के साथ बनाई अभियान की रणनीति
यमुनानगर। प्रदेश सरकार की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत शहर में स्वच्छता अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए बुधवार को मॉडल टाउन स्थित मेयर हाउस में अहम बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता मेयर सुमन बहमनी और भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश सपरा ने की। इसमें नगर निगम के सभी 22 वार्डों के पार्षद उपस्थित रहे।
बैठक में सभी वार्डों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने और इसमें अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश सपरा ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के साथ स्वच्छता को सामूहिक जिम्मेदारी बनाया जाए। सभी पार्षद अपने-अपने वार्डों में अभियान को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाएं और सामाजिक संस्थाओं, संगठनों व आम नागरिकों को इससे जोड़ें।
मेयर सुमन बहमनी ने कहा कि यमुनानगर-जगाधरी को स्वच्छ और सुंदर बनाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। पार्षद अपने-अपने वार्ड में स्वच्छता प्रहरी की भूमिका निभाएं और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में स्वच्छता की अहम भूमिका है। यह लक्ष्य तभी हासिल होगा, जब स्वच्छता सरकारी अभियान तक सीमित न रहकर जनआंदोलन बने।
बैठक में स्वच्छता के साथ पौधारोपण अभियान को भी गति देने पर जोर दिया गया। पार्षदों से अपने-अपने वार्डों में अधिक से अधिक पौधे लगाने और नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया। मेयर सुमन बहमनी और भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश सपरा ने सभी पार्षदों से आह्वान किया कि वे पूरी गंभीरता और दृढ़ संकल्प के साथ अभियान में जुटें तथा अपने-अपने वार्डों को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
-----------
बेहतर वार्डों को मिलेगा विकास का प्रोत्साहन-
बैठक में स्वच्छता अभियान में बेहतर प्रदर्शन करने वाले वार्डों को विकास कार्यों के लिए प्रोत्साहन राशि देने का निर्णय भी सामने रखा गया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले वार्ड को 50 लाख रुपये, द्वितीय स्थान वाले वार्ड को 25 लाख रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले वार्ड को 15 लाख रुपये की राशि वार्ड में विकास कार्यों के लिए प्रदान की जाएगी।
फोटो - पार्षदों के साथ बैठक करती मेयर सुमन बहमनी व भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश सपरा।