उत्तरकाशी के पवाणी गांव में भीषण अग्निकांड से बेघर हुए परिवारों को राहत देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गुरुवार को गांव पहुंचे। मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका दर्द सुना और प्रत्येक पात्र परिवार को मकान निर्माण के लिए पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के साथ ही छह महीने का राशन उपलब्ध कराने की घोषणा की।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने अग्निकांड में जले मकानों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को प्रभावित परिवारों के लिए तत्काल किराये के आवास, भोजन, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रभावित परिवारों का पुनर्वास सरकार की प्राथमिकता है और राहत कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों की जरूरतों का विशेष ध्यान रखने तथा प्रत्येक प्रभावित परिवार से लगातार संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए। वहीं, ग्रामीणों की सड़क, पेयजल और किसान क्रेडिट कार्ड से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए भी जिलाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
इस दौरान क्षेत्रीय विधायक दुर्गेश्वर लाल ने प्रभावित किसानों के ऋण माफ करने, जल भंडारण टैंक निर्माण, पवाणी-ओसला हेलीपैड, गंगाड़ से सीमा-ओसला मोटर मार्ग, मोबाइल टावर और पवाणी गांव के विशेष पुनर्वास सहित कई मांगें मुख्यमंत्री के सामने रखीं।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के नेतृत्व में जिला प्रशासन राहत एवं पुनर्वास कार्यों में जुटा हुआ है। मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद प्रभावित परिवारों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है।
#Uttarkashi #PawaniVillage #UttarakhandNews #PushkarSinghDhami #CMUttarakhand #FireDisaster #ReliefAndRehabilitation #UttarakhandGovernment #BreakingNews #CitySpecialNews