दिल्ली पुलिस ने खोला अंतरराष्ट्रीय साइबर गुलामी का राज, 164 विदेशी नागरिकों को कराया मुक्त
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी और मानव तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने 164 विदेशी नागरिकों को साइबर गुलामी के चंगुल से मुक्त कराया है। रेस्क्यू किए गए लोगों में 92 इंडोनेशियाई और 72 मलेशियाई नागरिक शामिल हैं।
जांच में सामने आया है कि गिरोह के सदस्य विदेशी युवाओं को अच्छी नौकरी और मोटी कमाई का लालच देकर बिजनेस वीजा पर भारत बुलाते थे। इसके बाद उनके पासपोर्ट जब्त कर नोएडा के सेक्टर-136 स्थित एक PG और फर्जी कॉल सेंटर में बंधक बनाकर रखा जाता था।
यहां उनसे जबरन ऑनलाइन निवेश के नाम पर साइबर ठगी कराई जाती थी। पीड़ितों को फर्जी महिला प्रोफाइल और ट्रेडिंग ऐप के जरिए अपने ही देश के लोगों को ठगने के लिए मजबूर किया जाता था। काम से इनकार करने पर उनके साथ मारपीट और दुर्व्यवहार किए जाने की बात भी सामने आई है।
पुलिस ने छापेमारी के दौरान 549 डिजिटल उपकरण, 174 पासपोर्ट और 53 से ज्यादा देशी-विदेशी सिम कार्ड बरामद किए हैं। मामले में 25 वर्षीय मलेशियाई नागरिक टैन गुआन वेई को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो भारतीय हैंडलर्स सुनील कुमार और सुशील भाटी की तलाश जारी है।
फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है। यह कार्रवाई दिखाती है कि साइबर ठगी का जाल अब सिर्फ ऑनलाइन अपराध तक सीमित नहीं है, बल्कि मानव तस्करी और जबरन मजदूरी जैसे गंभीर अपराधों से भी जुड़ रहा है।
#DelhiPolice #CyberSlavery #HumanTrafficking #CyberCrime #NoidaNews #InternationalCyberCrime #OnlineFraud #DelhiCrimeBranch #BreakingNews #CitySpecialNews