आदिवासी-बैगा बहनों से पुलिस ने बंधवाई राखी, सुरक्षा का लिया संकल्प
बालाघाट में रक्षाबंधन के अवसर पर लामटा थाना क्षेत्र में पुलिस ने सामाजिक सरोकार की अनूठी मिसाल पेश की। थाना प्रभारी जीतेन्द्र चौर्यात के नेतृत्व में पुलिस टीम आदिवासी एवं बैगा बहुल ग्राम उमरिया और मेरा पहुंची, जहां ग्रामीण बहनों ने पुलिसकर्मियों की कलाई पर राखी बांधी। पुलिसकर्मियों ने भी बहनों की सुरक्षा और हरसंभव सहयोग का संकल्प लिया।
त्योहार के मौके पर पुलिस टीम ने ग्रामीण महिलाओं, बहनों और बच्चों के साथ खुशियां साझा कीं। पुलिस की ओर से उन्हें मिठाइयां और उपहार भी वितरित किए गए। सुदूर ग्रामीण क्षेत्र में पुलिस की इस पहल से ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला।
ग्राम मेरा में मुख्य रूप से बैगा समुदाय के परिवार निवास करते हैं। यहां कई परिवार पारंपरिक रूप से चटाई और टोकना बनाने का काम करते हैं। पुलिस टीम ने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनके साथ रक्षाबंधन मनाया और पुलिस-जनता के बीच विश्वास और अपनत्व को मजबूत करने का संदेश दिया।
थाना प्रभारी जीतेन्द्र चौर्यात ने कहा कि जरूरतमंद परिवारों के साथ त्योहार की खुशियां बांटने से मिलने वाली आत्मिक संतुष्टि अलग होती है। उन्होंने पुलिसकर्मियों और आम नागरिकों से भी अपील की कि वे गरीब और जरूरतमंद महिलाओं एवं बच्चों के साथ त्योहार मनाकर उनके जीवन में खुशियां लाने का प्रयास करें।
लामटा पुलिस की यह पहल रक्षाबंधन को सामाजिक संवेदना और भाईचारे से जोड़ने वाली मिसाल बनकर सामने आई। राखी के धागे के साथ पुलिस और ग्रामीणों के बीच विश्वास का रिश्ता भी मजबूत होता नजर आया।
#RakshaBandhan2026
#BalaghatNews
#PoliceInitiative
#TribalNews
#Halchal24News