लक्ष्य के अनुरूप राजस्व संग्रहण हेतु सभी प्रवर्तन पदाधिकारी रहें सक्रिय, चालान लंबित रखने वाले वाहनों को करें जब्त।
वाहन विक्रेताओं एवं डीलर पॉइंट्स का औचक निरीक्षण कर राजस्व जमा कराना करें सुनिश्चित।
जिला परिवहन पदाधिकारी, नवादा श्री रंजीत कुमार ने जिले में कार्यरत सभी परिवहन प्रवर्तन पदाधिकारियों के साथ बैठक कर विभागीय निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप राजस्व संग्रहण में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विशेष अभियान चलाकर टैक्स डिफॉल्टर वाहनों की पहचान करें तथा उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें।
बैठक में पिछले माह के राजस्व संग्रहण की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान पाया गया कि सभी पदाधिकारियों को कुल 233 लाख रुपये के राजस्व संग्रहण का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसके विरुद्ध 174.4 लाख रुपये अर्थात 75 प्रतिशत लक्ष्य के अनुरूप चालान निर्गत किया गया। हालांकि, राजस्व वसूली की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई। इस पर जिला परिवहन पदाधिकारी ने सभी प्रवर्तन पदाधिकारियों को राजस्व वसूली में तेजी लाने तथा लंबित चालानों का भुगतान सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।
वाहन विक्रेताओं द्वारा बेचे गए वाहनों के विरुद्ध टैक्स जमा करने में भी शिथिलता पाई गई। इस संबंध में सभी वाहन विक्रेताओं एवं डीलरों के साथ दिनांक 03 नवंबर को जिला परिवहन कार्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। वाहन बिक्री के समय निबंधन एवं टैक्स जमा करने के बाद ही क्रेता को वाहन उपलब्ध कराने के निर्देश का अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा। बिना निबंधन वाहन परिचालन के मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित वाहन विक्रेताओं के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके तहत उनकी बिक्री आईडी लॉक करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
जिला परिवहन पदाधिकारी ने सभी प्रवर्तन पदाधिकारियों को शहरी क्षेत्रों में टोटो, ई-रिक्शा एवं टेम्पो का परिचालन सुव्यवस्थित रखने हेतु नियमित जाँच करने का निर्देश दिया। साथ ही, दोपहिया वाहन चालकों एवं पीछे बैठने वाले सवारों के लिए हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चालकों के लिए सीट बेल्ट का उपयोग सुनिश्चित कराने को कहा। मोटर वाहन अधिनियम एवं सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने तथा जिन वाहनों पर चालान लंबित हैं, उनसे तत्काल चालान राशि जमा कराने का निर्देश दिया गया। राशि जमा नहीं करने की स्थिति में संबंधित वाहन को जब्त कर स्थानीय थाना में सुपुर्द करने का निर्देश दिया गया।
रजौली चेकपोस्ट पर राजस्व संग्रहण एवं नियमों के उल्लंघन पर शमन की कार्रवाई में तेजी लाने हेतु करारोपण पदाधिकारी-सह-अपर जिला परिवहन पदाधिकारी को क्षेत्र में सक्रिय रहकर कार्य करने तथा अधीनस्थ प्रवर्तन अवर निरीक्षकों एवं चलंत सिपाहियों के कार्यों का नियमित अनुश्रवण करने का निर्देश दिया गया।
विभागीय निर्देश के आलोक में 04 नवंबर तक संचालित विशेष वाहन जाँच अभियान में तेजी लाते हुए सरकारी बसों एवं स्कूल वाहनों की जाँच करने का निर्देश दिया गया। इसके अतिरिक्त, अनियमित एम्बुलेंस परिचालन एवं पार्किंग की जाँच हेतु गठित परिवहन टीम को सभी प्रखंडों के अस्पतालों का भ्रमण करने तथा निजी एम्बुलेंस में अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
नवादा से राकेश कुमार चन्दन की रिपोर्ट !
Nawada, Nawada | Nov 2, 2026