**डालमिया चीनी मिल के गेट पर युवा कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, किसानों की समस्याओं को लेकर महाप्रबंधक को सौंपा ज्ञापन**
**सड़क पर लाइट, सीसीटीवी, जाम से निजात एवं किसानों की समस्याओं के समाधान का मिला आश्वासन**
शाहजहाँपुर। डालमिया चीनी मिल,गिरिगिचा निगोही में किसानों एवं स्थानीय नागरिकों की विभिन्न समस्याओं को लेकर जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष राम जी अवस्थी एडवोकेट के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में किसान, युवा एवं स्थानीय नागरिक नारेबाजी करते हुए चीनी मिल गेट पर पहुंचे और मिल प्रशासन के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराते हुए जनसमस्याओं से अवगत कराया।प्रदर्शन के दौरान मौके पर मौजूद थाना प्रभारी निगोही राजीव कुमार ने मामले की गंभीरता को समझते हुए मिल प्रशासन को बुलाया। इस बीच डीजीएम के पहुंचने पर मौजूद कार्यकर्ताओ ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए उनसे वार्ता करने का विरोध किया और महाप्रबंधक को मौके पर बुलाने की मांग की। इसके बाद चीनी मिल के महाप्रबंधक मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों एवं किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुना।वार्ता के दौरान महाप्रबंधक ने आश्वासन दिया कि मिल के आसपास की सड़कों पर जल्द ही स्ट्रीट लाइट लगवाई जाएंगी तथा सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरे भी स्थापित किए जाएंगे। गन्ना वाहनों के कारण लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए उचित पार्किंग एवं यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इसके अतिरिक्त अन्य चीनी मिलों द्वारा किसानों को दिए जा रहे बोनस के संबंध में भी मिल प्रबंधन ने सकारात्मक निर्णय लेने का भरोसा दिलाया। वहीं गन्ने के मूल्य में वृद्धि की मांग को प्रदेश सरकार तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।इस अवसर पर जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष राम जी अवस्थी एडवोकेट ने कहा कि किसानों की मेहनत से चीनी मिलों का संचालन होता है, लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण है कि आज किसानों को अपनी ही फसल की पर्ची, उचित मूल्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। मिल के आसपास जाम, प्रदूषण, काली राख और सुरक्षा व्यवस्था की कमी से आम जनता एवं स्कूली बच्चों को परेशानी उठानी पड़ रही है। युवा कांग्रेस किसानों और आम जनता के अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ेगी। हमारा उद्देश्य किसी उद्योग का विरोध करना नहीं, बल्कि उद्योग के साथ-साथ किसानों और स्थानीय जनता के हितों की रक्षा सुनिश्चित कराना है। यदि दिए गए आश्वासनों पर समयबद्ध कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।युवा किसान नेता अनुज मिश्रा ने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। उनके साथ पर्ची वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता एवं आर्थिक शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। गन्ने की बुवाई, सर्वे एवं वास्तविक उत्पादन के आधार पर पारदर्शी तरीके से पर्चियां जारी की जानी चाहिए, जिससे किसानों को बाजार से महंगे दामों पर गन्ना खरीदने की मजबूरी न हो।जिला सचिव दीपांश वर्मा ने कहा कि चीनी मिल के आसपास रहने वाले लोगों एवं प्रतिदिन इस मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों की सुरक्षा भी मिल प्रशासन की जिम्मेदारी है। काली राख, दूषित पानी, अंधेरे में आवागमन और जाम जैसी समस्याओं का स्थायी समाधान होना चाहिए।किसान हरजीत सिंह ने कहा कि किसान दिन-रात मेहनत करके गन्ने की फसल तैयार करता है, लेकिन समय से पर्ची न मिलने और अन्य समस्याओं के कारण उसे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है,उन्होंने किसानों को उचित मूल्य व बोनस की भी मांग की। इस अवसर पर प्रमुख रूप से जिला उपाध्यक्ष सोभित मिश्रा,रोहित पांडेय,फरमान खान,आदेश वर्मा,अजय वर्मा,मोहम्मद निहाल,संदीप राज,रामजी वर्मा,शिवओम मिश्रा,सुमित वर्मा,शावेज खान,पवन वर्मा,अभिषेक सिंह,राहुल वर्मा,आरिफ खान,हारून,कुलदीप वर्मा,अमन वर्मा,धर्मवीर वर्मा,अंकुल वर्मा,रजनीश कुमार,अयान खान आदि लोग मौजूद रहे।