शाहजहांपुर मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत जनपद के समस्त थानों की एण्टी रोमियो टीमों द्वारा विशेष चेकिंग एवं जागरूकता अभियान चलाकर महिलाओं एवं बालिकाओं को किया गया जागरूक
जागरूकता अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं। उन्हें बताया गया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, अभद्र व्यवहार, पीछा करने, सोशल मीडिया के माध्यम से परेशान करने अथवा अन्य किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें तथा किसी भी परिस्थिति में डरने अथवा चुप रहने के बजाय अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें।
एण्टी रोमियो टीमों द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला हेल्पलाइन नम्बर 1090, आपातकालीन पुलिस सेवा 112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 एवं साइबर हेल्पलाइन 1930 के संबंध में जानकारी देकर आवश्यकता पड़ने पर इन सेवाओं का उपयोग करने हेतु प्रेरित किया गया। साथ ही महिला सुरक्षा से संबंधित विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
इसके अतिरिक्त महिलाओं एवं बालिकाओं को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों, सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने, अनजान व्यक्तियों से ऑनलाइन संपर्क के दौरान सतर्कता बरतने तथा अपनी व्यक्तिगत जानकारी, ओटीपी एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने के संबंध में जागरूक किया गया।
*जनपद पुलिस द्वारा मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने, उनमें सुरक्षा की भावना विकसित करने तथा महिला अपराधों की रोकथाम के लिए निरंतर प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।*