डीडवाना में शांतिपूर्ण दीपावली और राम-राम त्यौहार को लेकर पुलिस का फ्लैग मार्च, अधिकारियों ने संभाली कमान
डीडवाना।दीपावली और राम-राम त्यौहार के मद्देनजर शहर में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधों को सुदृढ़ करने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। इसी क्रम में आज कच्ची दीपावली (छोटी दीपावली) के अवसर पर पुलिस प्रशासन द्वारा शहर के विभिन्न मुख्य मार्गों, बाजारों और संवेदनशील मोहल्लों में एक फ्लैग मार्च निकाला गया।
फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य आमजन में सुरक्षा का अहसास कराना और असामाजिक तत्वों में कानून का खौफ पैदा करना था ताकि त्यौहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।इस फ्लैग मार्च का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एडिशनल एसपी) हिमांशु शर्मा, डीएसपी उमेश गुप्ता और थानाधिकारी मोहन सिंह ने संयुक्त रूप से किया। इनके साथ भारी पुलिस जाब्ता भी मौजूद रहा। पुलिस दल ने शहर के प्रमुख चौराहों और बाजारों से गुजरते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने आम नागरिकों से संवाद किया और त्यौहार को आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांति के साथ मनाने की अपील की। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्यौहार के दौरान हुड़दंग मचाने, शांति भंग करने या किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।
पुलिस की इस मुस्तैदी से शहरवासियों में सुरक्षा को लेकर विश्वास बढ़ा है और प्रशासन त्यौहार को लेकर पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है।