सेवा ज्योति यात्रा से गूंजा लखीसराय, मशाल लेकर निकले भाजपाई
‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ में रंगोली के जरिए दिखीं सरकार की 25 प्रमुख उपलब्धियां
लखीसराय। भाजपा के संकल्प सेवा अभियान के तहत बुधवार को लखीसराय में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ एवं ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में केआरके मैदान में बनाई गई भव्य रंगोली आकर्षण का केंद्र रही। रंगोली के माध्यम से केंद्र सरकार की 25 प्रमुख उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को रचनात्मक ढंग से प्रदर्शित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत टाउन हॉल में बिहार सरकार के कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह, जिला प्रभारी संजय कुमार सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष देवानंद साहू सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर और सामूहिक रूप से वंदे मातरम् के गायन के साथ की। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में दिए गए संबोधन को सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने बड़ी एलईडी स्क्रीन पर देखा और सुना।
मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी ने कहा कि सेवा, समर्पण और राष्ट्र के प्रति कर्तव्य की भावना ही विकसित भारत के संकल्प को मजबूती प्रदान करती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सेवा और सुशासन के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इसके बाद कार्यकर्ताओं ने केआरके मैदान में तैयार ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ थीम आधारित रंगोली का अवलोकन किया। रंगोली में सेवा, सुशासन, विकास और जनकल्याण से जुड़े कार्यों को आकर्षक तरीके से प्रदर्शित किया गया था।
मशाल लेकर निकली सेवा ज्योति यात्रा
कार्यक्रम के अगले चरण में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने हाथों में मशाल लेकर ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली। यात्रा के दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से शहर गूंज उठा। यात्रा आर. लाल कॉलेज मोड़ पहुंची, जहां आर. लाल कॉलेज मोड़ का नामकरण ‘सेवा ज्योति चौक’ के रूप में किए जाने की घोषणा की गई।
भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री के संबोधन में सेवा, समर्पण, सुशासन और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध का संदेश प्रमुखता से सामने आया। जनसेवा को सर्वोच्च दायित्व मानने की भावना प्रत्येक कार्यकर्ता को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा देती है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के लक्ष्य को साकार करने में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता प्रेम रंजन पटेल, जिला प्रभारी संजय कुमार सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष देवानंद साहू, जिला महामंत्री सनोज साहू, अमरजीत प्रजापति, प्रमोद कुशवाहा, जिला मीडिया प्रभारी अजय कुशवाहा, जिला प्रवक्ता रामानंद सिंह, मनोरंजन कुमार, जिला उपाध्यक्ष नवीन सिंह, चंदन कुमार, गौतम मंडल, उषा मल्लिक, शोभा रानी, जिला संयोजक किरण सिन्हा, जिला मंत्री हिमांशु पटेल एवं अभिषेक सिंह सहित विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष आशा पासवान, विकास आनंद और सोनू चंद्रवंशी, सभी मंडल अध्यक्ष व उनकी टीम, एनडीए के जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय प्रबुद्धजन मौजूद रहे। मंच संचालन जिला महामंत्री सनोज साहू एवं गौतम मंडल ने संयुक्त रूप से किया।
कार्यक्रम का समापन सामूहिक राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की भावना के साथ वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने का संदेश दिया।
Lakhisarai, Lakhisarai | Oct 7, 2026