दिल्ली से अफीम लेकर हिमाचल में सप्लाई करने जा रही 22 वर्षीय महिला तस्कर को पंचकूला पुलिस ने किया गिरफ्तार, 1 किलो 11 ग्राम अफीम बरामद
पंचकूला/ 22 अगस्त:- पंचकूला जिला को नशा मुक्त बनाने और नशे के अवैध कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए पंचकूला पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के नेतृत्व में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत क्राइम ब्रांच-3 पंचकूला की टीम ने पिंजौर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक महिला नशा तस्कर को 1 किलो 11 ग्राम अफीम सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला की पहचान शिवानी निवासी जिला बदायूं उत्तर प्रदेश, हाल निवासी दिल्ली, उम्र 22 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी युवती दिल्ली से अफीम खरीदकर इसे हिमाचल प्रदेश में सप्लाई करने की फिराक में थी, लेकिन पंचकूला पुलिस ने सप्लाई से पहले ही उसे गिरफ्तार कर लिया।
21 अगस्त को क्राइम ब्रांच-3 की टीम को गुप्त सूचना मिली कि शिवानी नामक महिला पिंजौर-शिमला हाईवे पर अफीम लेकर किसी व्यक्ति को सप्लाई करने के लिए खड़ी है। सूचना के आधार पर इंचार्ज तजिंदर पाल सिंह की अगुवाई में टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पिंजौर हाईवे पर रेड लाइट के आगे पहुंचकर बताए गए स्थान से महिला को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान महिला के बैग से 1 किलो 11 ग्राम अफीम बरामद हुई। महिला के खिलाफ पिंजौर थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज दिया गया।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह के अनुसार आरोपी महिला को आज अदालत में पेश कर 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से अफीम सप्लाई नेटवर्क, मुख्य सप्लायर, संभावित खरीदार तथा नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है।
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार को किसी भी सूरत में पनपने नहीं दिया जाएगा। नशा तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है और नशे की सप्लाई चेन से जुड़े अन्य आरोपियों तक भी पुलिस की जांच पहुंचाई जा रही है।