छात्राओं के दिल की बात बनी SDM श्री भास्कर गाचले की प्राथमिकता, जनसहयोग से 50 बेटियों को मिले ट्रैक सूट
#सेवा_संकल्प_अभियान के तहत SDM ने पेश की संवेदनशीलता और सेवा भावना की मिसाल, छात्राओं के साथ बैठकर किया भोजन
सेवा से संकल्प अभियान के अंतर्गत अनुविभागीय अधिकारी राजस्व (SDM) थांदला श्री भास्कर गाचले ने संवेदनशीलता, जनसेवा और मानवीय सरोकारों का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। उत्कृष्ट कन्या छात्रावास, थांदला में निवासरत 50 छात्राओं को जनसहयोग से ट्रैक सूट वितरित कर उन्होंने उनकी छोटी-सी इच्छा पूरी की और छात्राओं के चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी।
छात्राओं से संवाद के दौरान सामने आई ट्रैक सूट की मांग
कुछ दिन पूर्व SDM श्री भास्कर गाचले ने सेवा से संकल्प अभियान के तहत उत्कृष्ट कन्या छात्रावास का निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने छात्राओं से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। छात्राओं ने छात्रावास में उपलब्ध अन्य सुविधाओं पर संतुष्टि व्यक्त करते हुए केवल इतनी इच्छा जताई कि प्रत्येक छात्रा के लिए एक ट्रैक सूट की व्यवस्था हो जाए।
छात्राओं की इस सहज मांग को SDM श्री गाचले ने गंभीरता से लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों, छात्रावास अधीक्षिका एवं अन्य जिम्मेदारों से चर्चा की। शासन स्तर पर तत्काल बजट उपलब्ध नहीं होने की जानकारी मिलने पर उन्होंने जनसहयोग के माध्यम से ट्रैक सूट की व्यवस्था सुनिश्चित की।
जनसहयोग से पूरी हुई इच्छा, छात्राओं के चेहरे खिले
इसी क्रम में आज SDM श्री भास्कर गाचले पुनः उत्कृष्ट कन्या छात्रावास पहुंचे और सभी 50 छात्राओं को ट्रैक सूट वितरित किए। अपनी इच्छा पूरी होने पर छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस अवसर पर SDM ने छात्राओं के साथ बैठकर भोजन भी किया तथा उनसे आत्मीय संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया।
छात्राओं की खुशी बनी सेवा का सबसे बड़ा पुरस्कार ट्रैक सूट प्राप्त कर छात्राओं ने SDM श्री भास्कर गाचले के प्रति आभार व्यक्त किया। उत्कृष्ट कन्या शाला के प्राचार्य श्री श्रीवास्तव ने भी इस पहल की सराहना करते हुए SDM की सेवा भावना एवं संवेदनशील दृष्टिकोण की प्रशंसा की।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट कन्या शाला के प्राचार्य, छात्रावास अधीक्षिका, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर श्री नितीन डामोर, छात्रावास के पालक-शिक्षक संघ के सदस्य तथा छात्राएं उपस्थित रहीं।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner #Jhabua #JansamparkMP #SevaSankalpAbhiyan
1 views | Jhabua, Madhya Pradesh | Oct 9, 2026