सामुदायिक केंद्र परिसर में निगम ने चलाया विशेष सफाई अभियान, दो टन कचरा किया साफ
निगम ने चलाया सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं कचरा मुक्त बनाने के लिए विशेष सफाई अभियान
जगाधरी। स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत नगर निगम की ओर से सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं कचरा मुक्त बनाने के लिए विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में सोमवार को हुडा सेक्टर-17 स्थित सामुदायिक केंद्र परिसर व आसपास के क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सामुदायिक केंद्र से लगभग दो टन कचरा साफ किया गया।
मेयर सुमन बहमनी व निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद के निर्देशों पर चलाए गए अभियान के दौरान नगर निगम की सफाई टीम ने सामुदायिक केंद्र परिसर में उगी घास-फूस व झाड़ियों की सफाई की। इसके साथ ही परिसर एवं आसपास पड़े कचरे को एकत्रित कर उसका उचित निस्तारण किया गया। सफाई अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थल के विभिन्न हिस्सों की सफाई कर उन्हें व्यवस्थित किया गया। नगर निगम सफाई निरीक्षक पंकज कुमार, सफाई दरोगा सागर, स्वच्छ भारत मिशन टीम के गगन बेनीवाल सहित निगम कर्मचारियों ने अभियान में भाग लिया। इस दौरान टीम ने आसपास के नागरिकों को सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न डालने तथा स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक किया।
मुख्य सफाई निरीक्षक हरजीत सिंह ने नागरिकों से अपील की कि वे सार्वजनिक स्थलों को साफ-सुथरा रखने में नगर निगम का सहयोग करें और कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ शहर के लिए जनभागीदारी बेहद जरूरी है।
फोटो कैप्शन - सामुदायिक केंद्र की सफाई करते निगम कर्मी।